देहरादून में ‘सेवा संकल्प सप्ताह’ शुरू: बुजुर्गों और दिव्यांगों को 1 अक्टूबर को मिलेंगे मुफ्त सहायक उपकरण

ख़बर शेयर करें

देहरादून। देहरादून जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग द्वारा एलिमको कानपुर के सहयोग से ‘सेवा संकल्प सप्ताह’ के तहत जिलेभर में बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए विशेष चिह्नांकन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। सोमवार से शनिवार तक लगने वाले इन शिविरों में भारत सरकार की एडिप योजना और राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत पात्र लाभार्थियों का स्वास्थ्य व शारीरिक परीक्षण किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य जरूरतमंदों को पहचानकर उन्हें निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराना है।

शिविरों में परीक्षण के बाद चिह्नित किए गए सभी पात्र दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को आगामी 1 अक्टूबर को ‘अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस’ के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुफ्त सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे। योजना के तहत अभ्यर्थियों को उनकी आवश्यकतानुसार व्हीलचेयर, बैसाखी, कान की मशीन, नजर के चश्मे, वॉकिंग स्टिक, ट्राइपोड, फोल्डिंग वॉकर, कमोड चेयर, फुटकेयर किट, लम्बोसैकल बेल्ट और सर्वाइकल कॉलर जैसे उपकरण पूरी तरह फ्री दिए जाएंगे।

यह भी पढ़ें -  CM धामी का श्रमिकों को बड़ा तोहफा: 10,709 लाभार्थियों के खातों में डीबीटी से भेजे 18.49 करोड़ रुपये

जिला प्रशासन ने शिविरों के लिए तिथियों और स्थानों का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है, जो सुबह 10:30 बजे से शुरू होंगे। 21 सितंबर को सहसपुर और कालसी, 22 को सेलाकुई, विकासनगर व रामनगर डांडा (थानों), तथा 23 सितंबर को डोईवाला व धर्मावाला में शिविर लगाए जाएंगे। इसके बाद 24 सितंबर को रायपुर व नवाला चौक-बद्रीपुर में और 26 सितंबर को रेसकोर्स वेलफेयर सोसाइटी तथा बालावाला के गंगा फार्म में शिविर आयोजित होंगे

यह भी पढ़ें -  'प्रथम उत्तराखंड फिल्म पुरस्कार' का ऐलान: गढ़वाली-कुमाऊंनी फिल्मों के लिए 5 अक्टूबर तक करें आवेदन

देहरादून के जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जिले के सभी दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों से निर्धारित तिथियों पर अपने नजदीकी शिविर में पहुँचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थी आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविरों में उपस्थित होकर इस जनकल्याणकारी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं ताकि कोई भी जरूरतमंद छूट न पाए

शिविर में लाभ लेने के लिए पात्रता मानदंड और दस्तावेज भी तय कर दिए गए हैं। दिव्यांगजनों को अपने यूडीआईडी कार्ड की फोटोकॉपी और अधिकतम 22,500 रुपये तक का मासिक आय प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। वहीं, वरिष्ठ नागरिकों को अपने आधार कार्ड की फोटोकॉपी और अधिकतम 15,000 रुपये तक का मासिक आय प्रमाण पत्र जमा करना होगा।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में आपदा से निपटने की बड़ी तैयारी: NIDM और USDMA मिलकर चलाएंगे सालभर का ट्रेनिंग अभियान

जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग का प्रयास है कि शिविरों के माध्यम से शत-प्रतिशत पात्र लोगों का पंजीकरण किया जा सके। शिविरों में एलिमको की विशेषज्ञ तकनीकी टीम मौके पर ही आवेदकों का शारीरिक परीक्षण करेगी, जिससे 1 अक्टूबर को बिना किसी समस्या के सही नाप और आवश्यकता के उपकरण वितरित किए जा सकें