क्लेमेंट टाउन हत्याकांड: पत्नी की हत्या कर फरार होने वाला पति गिरफ्तार, अवैध संबंध के शक में ली थी पत्नी की जान

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के क्लेमेंट टाउन थाना क्षेत्र में 21 सितंबर को हुई सनसनीखेज हत्या की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसएसपी परमिंदर डोभाल के मुताबिक, अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी पति धीरज पवार को धर दबोचा गया है। वारदात के बाद आरोपी ने खुद 112 पर कॉल कर जुर्म कबूल किया था और मौके से फरार हो गया था।

घटना के तुरंत बाद मृतका के भाई ने क्लेमेंट टाउन थाने में तहरीर देकर नामजद एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस टीमों ने आरोपी की धरपकड़ के लिए कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी। आखिरकार घेराबंदी कर पुलिस ने मुख्य आरोपी धीरज पवार को गिरफ्तार कर लिया, जिससे पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।

यह भी पढ़ें -  दून में हाईप्रोफाइल ड्रग्स सिंडिकेट का पर्दाफाश: 4.5 लाख की MDMA के साथ B.Tech-BCA के 6 छात्र गिरफ्तार

पुलिस पूछताछ में आरोपी धीरज ने बताया कि पिछले कुछ समय से पत्नी के साथ उसके रिश्ते बेहद तल्ख चल रहे थे और दोनों में आए दिन कलह होती थी। आरोपी को अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध होने का गहरा शक था। इसी शक और अविश्वास के चलते उसने पत्नी को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: नर्सिंग और पैरामेडिकल इंटर्न छात्रों को मिलेगा स्टाइपेंड, शासन को भेजा गया प्रस्ताव

साजिश को अंजाम देने के लिए आरोपी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर पहुंचा और वहां से एक अवैध तमंचा खरीदकर लाया। इसके बाद वह कई दिनों तक लगातार अपनी पत्नी की गतिविधियों पर नजर रखते हुए रेकी करता रहा। 21 सितंबर की सुबह मौका मिलते ही उसने तमंचे से पत्नी पर फायर कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस को चकमा देने की नीयत से 112 इमरजेंसी नंबर पर फोन मिलाया और कहा, “मैंने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी है।” इसके बाद वह फोन काटकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया अवैध तमंचा बरामद कर लिया है।

यह भी पढ़ें -  चंपावत में वीरान पड़ी सरकारी जमीनों और भवनों का होगा कायाकल्प, खुलेंगी लाइब्रेरी, आंगनबाड़ी और रोजगार केंद्र

देहरादून पुलिस अब उस असलाह तस्कर की गर्दन तक पहुंचने की तैयारी में है जिसने आरोपी को हथियार मुहैया कराया था। एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल  ने बताया कि सहारनपुर में दबिश देने के लिए पुलिस की एक विशेष टीम भेजी गई है। जल्द ही हथियार सप्लायर को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।