देहरादून। राजधानी देहरादून में शराब तस्करों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका ताजा उदाहरण राजपुर रोड जाखन स्थित बाबा रेस्टोरेंट पर आबकारी विभाग की कार्रवाई में देखने को मिला। रेस्टोरेंट की आड़ में अवैध रूप से शराब परोसने का खेल लंबे समय से चल रहा था, लेकिन सूचना मिलते ही आबकारी विभाग ने ऐसी दबिश दी कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
आबकारी निरीक्षक के नेतृत्व में पहुंची टीम ने बाबा रेस्टोरेंट में छापेमारी कर बिना वैध लाइसेंस के ग्राहकों को परोसी जा रही शराब का जखीरा बरामद किया। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से विभिन्न ब्रांड की शराब कब्जे में लेकर संबंधित संचालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी।
छापे की सूचना मिलते ही आसपास के अन्य रेस्टोरेंट संचालकों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर की गई। जांच में सामने आया कि रेस्टोरेंट में शराब परोसने के लिए आवश्यक लाइसेंस नहीं था, इसके बावजूद खुलेआम ग्राहकों को शराब उपलब्ध कराई जा रही थी।
इससे न केवल सरकार को राजस्व का नुकसान पहुंच रहा था बल्कि आबकारी नियमों की भी खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही थीं।हैरानी की बात यह है कि राजधानी के पॉश इलाकों में शामिल इस क्षेत्र में इस तरह का अवैध कारोबार कोई नई बात नहीं है।
इससे पहले भी आबकारी विभाग कई बार होटल और रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहे शराब के अवैध धंधे का पर्दाफाश कर चुका है। बावजूद इसके कुछ संचालक कार्रवाई के डर के बिना नियमों को ताक पर रखकर मोटी कमाई में जुटे हुए हैं। सूत्रों की मानें तो शहर के कई होटल, ढाबे और रेस्टोरेंट बिना लाइसेंस शराब परोसने का गोरखधंधा चला रहे है।
ऐसे ठिकानों पर देर रात तक शराब परोसी जाती है, आबकारी विभाग ने साफ किया है कि अवैध शराब के भंडारण, बिक्री और परोसने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि बिना लाइसेंस शराब परोसने या बेचने वाले किसी भी होटल, रेस्टोरेंट या ढाबे को बख्शा नहीं जाएगा।
राजधानी में हुई इस कार्रवाई ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि होटल और रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहे अवैध शराब कारोबार पर अब विभाग की पैनी नजर है।

