हरिद्वार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को हरिद्वार स्थित प्रतिष्ठित गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करते हुए राज्य के विकास में युवा शक्ति की भूमिका पर प्रकाश डाला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के चेहरों पर दिख रहा आत्मविश्वास इस बात का सीधा प्रमाण है कि देश का भविष्य सुरक्षित हाथों में है। उन्होंने गुरुकुल कांगड़ी को केवल एक शिक्षण संस्थान न मानकर भारतीय संस्कृति, राष्ट्रवाद और चरित्र निर्माण का प्रमुख केंद्र बताया।

कार्यक्रम में आंकड़े साझा करते हुए CM धामी ने बताया कि भारत 65 प्रतिशत से अधिक युवा आबादी के साथ दुनिया का सबसे युवा देश है। आज का युवा नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि स्टार्टअप्स के जरिए रोजगार देने वाला ‘जॉब क्रिएटर’ बन रहा है। केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाएं युवाओं को लगातार नए अवसर प्रदान कर रही हैं।
उत्तराखंड में रोजगार और पलायन पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। प्रदेश में 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन दर्ज किया गया है, वहीं बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की ऐतिहासिक कमी आई है। सतत विकास लक्ष्यों में भी उत्तराखंड देश में पहले स्थान पर है।

युवाओं के भविष्य और पारदर्शी व्यवस्था पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले साढ़े चार वर्षों में 100 से अधिक नकल माफियाओं को सलाखों के पीछे भेजा गया और 34 हजार से अधिक युवाओं को बिना किसी भेदभाव के सरकारी नौकरियां दी गईं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए एक और बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि राज्य में बैंक ऋण की प्रक्रिया को और अधिक सरल बनाया जाएगा। युवाओं की स्वरोजगार से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए जगह-जगह विशेष समाधान कैंप आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष और आयोजक विक्रम भुल्लर ने मुख्यमंत्री को अंग वस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, कुलपति प्रतिभा लूथरा और पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
प्रशासकीय स्तर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, नगर आयुक्त नंदन कुमार, सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र और अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार सहित पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय युवा उपस्थित रहे।

