Uttarakhand: खटीमा में CM धामी का युवा संवाद, विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र

ख़बर शेयर करें

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में आयोजित ‘युवा समसामयिक संवाद’ कार्यक्रम में 18 विद्यालयों से आए लगभग 360 विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। सनातन धर्मशाला परिसर स्थित सोबन सिंह जीना सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों ने रोजगार, पर्यटन, वाइब्रेंट विलेज, पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रबंधन पर बेबाक सवाल पूछे। मुख्यमंत्री ने छात्रों के सभी प्रश्नों का सहजता से उत्तर देते हुए भ्रष्टाचार-मुक्त, पारदर्शी और सशक्त उत्तराखंड के निर्माण का संकल्प दोहराया।

संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं से कहा कि यदि कोई व्यक्ति काम के बदले रिश्वत मांगता है या अनुचित दबाव बनाता है, तो नागरिक बिना किसी डर के टोल-फ्री नंबर 1064 या मोबाइल ऐप पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है और विशेष टीमों द्वारा त्वरित कार्रवाई की जाती है।

यह भी पढ़ें -  खटीमा गोलीकांड की 32वीं बरसी आज: CM धामी ने शहीदों को किया नमन, आंदोलनकारियों के सम्मान में लिये बड़े फैसले

सीमांत क्षेत्रों के विकास पर छात्रा आल्या के प्रश्न का उत्तर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ‘वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम’ के तहत ढांचागत विकास को प्राथमिकता दे रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीमांत गांव देश के अंतिम छोर नहीं, बल्कि भारत के प्रथम गांव हैं। इन क्षेत्रों में बिजली, पानी, पक्की सड़कें और स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाकर स्थानीय स्तर पर ही रोजगार सृजित किया जा रहा है ताकि पलायन पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

कक्षा 11 की छात्रा रेखा द्वारा पर्यावरण और विकास के संतुलन पर पूछे गए सवाल के जवाब में सीएम ने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक संपदा राज्य की सबसे बड़ी धरोहर है। विकास कार्यों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी समान प्राथमिकता दी जा रही है। इस दौरान छात्रा ने 5 अगस्त की आपदा के समय सरकार द्वारा चलाए गए राहत व बचाव कार्यों की सराहना भी की।

यह भी पढ़ें -  हल्द्वानी मंच शुद्धिकरण विवाद पर CM धामी का पलटवार, बोले-"सनातन को बांटने की साजिश रच रही कांग्रेस"

युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर बात करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि राज्य सरकार अब तक 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सरकारी नौकरियां दे चुकी है। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों से अनुशासित जीवन जीने और सकारात्मक सोच रखने का आह्वान किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी युवाओं के लिए करियर और आजीविका के नए अवसर लगातार उपलब्ध कराए जाएंगे।

पर्यटकों की बढ़ती संख्या से जुड़े छात्र अब्दुल के सवाल पर मुख्यमंत्री ने बताया कि बेहतर सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर, हवाई सेवाओं और होमस्टे योजना के विस्तार से राज्य में पर्यटन को नया जीवन मिला है। चम्पावत, मुनस्यारी, कौसानी, बेरीनाग, चौकोड़ी, पंचाचूली और आदि कैलाश जैसे सीमांत पर्यटन स्थलों में पर्यटकों की आवक तेजी से बढ़ी है, जिसके चलते प्रदेश में वार्षिक पर्यटकों की संख्या 7 से 8 करोड़ के आंकड़े को पार कर गई है।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand Weather Update: दून समेत 4 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी, 5 डिग्री तक लुढ़का पारा

इस संवाद कार्यक्रम में खुशबू हिंद पब्लिक स्कूल, अब्दुल आरपी स्कूल, रोज पब्लिक स्कूल, देव विश्वास शिक्षा भारती स्कूल, आईआईएचसीए, जीआईसी और शहीद हरि किशन इंटर कॉलेज सहित विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने भागीदारी की। कार्यक्रम में सोनू सिंह, हिमांशी, आलिदा, खुशी अवस्थी, रुद्रप्रताप सिंह और आयुषी जैसे छात्रों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपने महत्वपूर्ण विचार और सवाल रखे।

कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दायित्वधारी गंभीर सिंह धामी, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, वीसी जय किशन, सीडीओ दिवेश शासनी और एडीएम कौस्तुभ मिश्रा सहित कई गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad