उत्तराखंड: सीएम धामी ने सेलाकुई मेडिकल यूनिवर्सिटी में 20.55 करोड़ की योजनाओं की दी सौगात, चिकित्सा शिक्षा के विस्तार पर जोर

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून के सेलाकुई स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखण्ड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान कुल 20.55 करोड़ रुपये की पांच विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लगभग 20.21 करोड़ रुपये की लागत वाली तीन प्रमुख योजनाओं का शिलान्यास तथा 34 लाख रुपये की लागत की दो योजनाओं का लोकार्पण किया। कार्यक्रम की शुरुआत में उन्होंने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना की और स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखण्ड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के सुनियोजित विकास और युवाओं के भविष्य निर्माण में अहम भूमिका निभा रहा है। विश्वविद्यालय परिसर में नई आधुनिक सुविधाओं के विकसित होने से छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा, जिससे क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।

यह भी पढ़ें -  देहरादून: किमाड़ी के जंगल में मिला 3 महीनों से लापता मोहम्मद सारिक का नरकंकाल, 2 करोड़ के लेनदेन पर उलझी पुलिस

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के संस्थानों से चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने वाला प्रत्येक विद्यार्थी एक कुशल चिकित्सक या स्वास्थ्य पेशेवर के रूप में अपनी सेवाएं दे सके। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां के युवा अपनी योग्यता और सेवाभाव से विश्वविद्यालय के साथ ही उत्तराखंड का नाम भी रोशन करेंगे।

यह भी पढ़ें -  दून पुलिस का फरमान,"टेप से नंबर छिपाओगे तो वाहन गवांओगे और जेल जाओगे!"

भविष्य की योजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने विश्वविद्यालय परिसर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की स्थापना के लिए केंद्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देश में चिकित्सा शिक्षा का व्यापक विस्तार हुआ है, और उत्तराखंड में भी वर्तमान में पांच राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित होने के साथ दो निर्माणाधीन हैं।

युवाओं के लिए रोजगार पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार दिलाने के लिए विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि वर्ष 2023 में 60 युवाओं को जापान तथा वर्ष 2025 में 13 युवाओं को जर्मनी में रोजगार प्राप्त हुआ है। उन्होंने जर्मन भाषा का प्रशिक्षण पाने वाली उत्तराखंड की सपना राणा का विशेष रूप से उल्लेख किया।

यह भी पढ़ें -  जब सियासत और सिनेमा के सितारे की हुई CMआवास में मुलाकात

इस अवसर पर चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सरकार चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कार्यक्रम में विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, कुलपति प्रो. भानु दुग्गल, महानिदेशक यूकॉस्ट प्रो. दुर्गेश पंत, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।