देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास पर पूर्व अपर सचिव आर.सी. लोहनी द्वारा लिखित पुस्तक ‘सेवा विधि‘ का औपचारिक विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुस्तक को सरकारी सेवा से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए लेखक के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य गठन के बाद से ऐसी कोई एकीकृत पुस्तक उपलब्ध नहीं थी, जिसमें सरकारी सेवा के नियम, संवैधानिक प्रावधान, शासनादेश और अदालती निर्णय एक साथ मौजूद हों।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शासकीय सेवा में नियुक्त प्रत्येक अधिकारी का कर्तव्य सत्यनिष्ठा और समर्पण के साथ राज्य के विकास में योगदान देना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल ईमानदारी ही काफी नहीं है, बल्कि नियमों और कानूनी प्रक्रियाओं की गहरी समझ होना भी जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों का आह्वान किया कि वे नियमों को जनहित के कार्यों में बाधा न बनने दें, बल्कि नियमों के दायरे में रहकर ही जनता की समस्याओं का समाधान खोजें।

पुस्तक के लेखक एवं पूर्व अपर सचिव आर.सी. लोहनी ने बताया कि इस पुस्तक में सरकारी सेवाओं से जुड़े संवैधानिक प्रावधानों, नियमों, विनियमों, शासनादेशों और सर्वोच्च व उच्च न्यायालय के महत्वपूर्ण कानूनी सिद्धांतों का समावेश किया गया है, जो लोक सेवकों के लिए एक व्यवहारिक गाइडबुक का काम करेगी।
इस विमोचन समारोह में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, पूर्व अपर सचिव भूपेश तिवारी, जी.बी. ओली, रमेशचन्द्र शर्मा, हन्सादत्त पाण्डेय, पूर्व संयुक्त सचिव नवीन सिंह तडानी, परिवहन उपायुक्त सुनील शर्मा सहित कई अन्य प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

