हिमालय की दुर्गम ऊंचाइयों पर गूंजा भारत का परचम: माउंट मुकुट ईस्ट फतह करने वाले दल का देहरादून में फ्लैग-इन

ख़बर शेयर करें

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में भारतीय तटरक्षक बल और हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट, दार्जिलिंग के संयुक्त पर्वतारोहण अभियान दल का आधिकारिक फ्लैग-इन किया। HMI के प्राचार्य कर्नल रजनीश जोशी के नेतृत्व में इस संयुक्त दल ने 7,045 मीटर ऊंचे माउंट मुकुट ईस्ट का सफल आरोहण कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। भारतीय तटरक्षक बल के इतिहास में 7,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली किसी पर्वत चोटी पर फतह हासिल करने की यह पहली ऐतिहासिक उपलब्धि है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अभूतपूर्व सफलता के लिए अभियान दल के सभी सदस्यों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हिमालय की अत्यधिक दुर्गम परिस्थितियों में मिली यह सफलता पर्वतारोहियों के अदम्य साहस, अनुशासन और अटूट टीम भावना का प्रमाण है। यह ऐतिहासिक उपलब्धि न केवल भारतीय तटरक्षक बल के लिए, बल्कि पूरे देश और प्रदेश के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।

यह भी पढ़ें -  देहरादून: मौसम बदलते ही राजधानी में बढ़ा वायरल बुखार का प्रकोप, अस्पतालों के OPD में उमड़े मरीज

मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि उत्तराखंड की पहचान हमेशा से साहस, शौर्य और समृद्ध पर्वतारोहण परंपरा से जुड़ी रही है। इस अभियान को उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 गौरवशाली वर्षों को समर्पित किया जाना विशेष महत्व रखता है। अभियान दल द्वारा माउंट मुकुट ईस्ट के शिखर पर 2,500 वर्ग फुट का विशाल उत्तराखंड ध्वज फहराया जाना पूरे राज्य के लिए ऐतिहासिक क्षण है।

यह भी पढ़ें -  स्वास्थ्य विभाग खरीदारी के लिए बनी नई व्यवस्था… कॉरपोरेशन बनते ही MD की कुर्सी के लिए लॉबिंग तेज…

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि राज्य की गौरवशाली विकास यात्रा और हिमालय के साथ उसके गहरे संबंध को प्रदर्शित करती है। भारतीय तटरक्षक बल देश की समुद्री सीमाओं की रक्षा में तत्परता से जुटा है, और बर्फीली ऊंचाइयों पर जवानों की यह सफलता उनके उत्कृष्ट प्रशिक्षण को दर्शाती है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि इस अभियान का अनुभव वर्ष 2027 में प्रस्तावित माउंट एवरेस्ट अभियान की सफलता का आधार बनेगा।

कार्यक्रम के दौरान एचएमआई के प्राचार्य एवं दल के नेता कर्नल रजनीश जोशी ने बताया कि भारतीय तटरक्षक बल वर्ष 2027 में अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे करने जा रहा है। इसी स्वर्ण जयंती अवसर पर प्रस्तावित माउंट एवरेस्ट अभियान की तैयारी के तहत यह चढ़ाई की गई। पर्वतारोहियों के चयन और उनके कड़े प्रशिक्षण का जिम्मा एचएमआई दार्जिलिंग को सौंपा गया है।

यह भी पढ़ें -  देहरादून: तपोवन रोड पर बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन, सीएम धामी ने बांटे कृषि यंत्र और महालक्ष्मी किट

इस गरिमामयी फ्लैग-इन समारोह में भारतीय तटरक्षक बल के अपर महानिदेशक आनंद प्रकाश बडोला, उप महानिरीक्षक हिमांशु नौटियाल, उप महानिरीक्षक डी.एस. चौहान, कमांडेंट अमित उनियाल, कमांडेंट विश्वजीत सिंह और एचएमआई के पासांग तेनजिंग शेरपा सहित अभियान दल के कई प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।