देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून के सेंट्रियो मॉल स्थित सिनेमा हॉल में आध्यात्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने बड़ा फैसला लेते हुए इसे पूरे राज्य में टैक्स-फ्री करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बाबा नीम करौली का जीवन और कैंची धाम पूरी दुनिया के लिए आस्था का केंद्र है, इसलिए अधिक से अधिक लोगों को यह फिल्म देखनी चाहिए।
इस विशेष स्क्रीनिंग में मुख्यमंत्री के साथ उनकी धर्मपत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक प्रदीप बत्रा और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। यह फिल्म ‘परम श्रद्धेय बाबा नीब करौरी महाराज जी’ के जीवन, उनकी भक्ति, मानव सेवा और आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित है।

फिल्म देखने के बाद मीडिया से बातचीत में सीएम धामी ने कहा कि भारत की संत परंपरा ने हमेशा समाज को सत्य, सेवा और करुणा का रास्ता दिखाया है। उन्होंने कहा कि नीम करौली बाबा का जीवन इसी महान सनातन परंपरा का एक प्रेरणादायी उदाहरण है। बाबा के विचार आज के दौर में भी उतने ही प्रासंगिक हैं।
मुख्यमंत्री ने कैंची धाम का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तराखंड देवभूमि होने के साथ-साथ महान संतों की साधना स्थली भी रहा है। आज पूरे विश्व से श्रद्धालु बाबा नीम करौली जी के दर्शन के लिए उत्तराखंड आते हैं। ऐसी फिल्में हमारी युवा पीढ़ी को सनातन संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाती हैं।

सीएम धामी ने फिल्म के मेकर्स की तारीफ करते हुए कहा कि ‘हनुमान अंश’ में बाबा के जीवन के उन मानवीय पहलुओं को सुंदरता से उभारा गया है, जिनमें निस्वार्थ सेवा, विनम्रता और लोककल्याण प्रमुख हैं। ऐसी प्रेरणादायी फिल्मों के निर्माण से समाज में सकारात्मकता और सेवा भाव का विस्तार होता है।
उल्लेखनीय है कि विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ 7 अगस्त 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में मुख्य भूमिका शोभिनव सतैया ने निभाई है। अब राज्य में टैक्स-फ्री होने के बाद उत्तराखंड में इस फिल्म को देखने वाले दर्शकों की संख्या में बड़ी बढ़त मिलने की उम्मीद है।

