CM धामी ने किया’मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना’ का शुभारंभ, सचिवालय में लगेगा 15 दिवसीय पखवाड़ा

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना’ के अंतर्गत उत्तराखण्ड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े महिला स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों का औपचारिक शुभारंभ और अवलोकन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने महिला समूहों द्वारा तैयार हस्तनिर्मित राखियों और स्थानीय उत्पादों की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के सभी जनपदों की स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से सीधा संवाद किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि आगामी वर्ष से रक्षाबंधन पर्व से ठीक 15 दिन पूर्व ही ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव’ शुरू किया जाएगा और इसे पखवाड़े के रूप में आयोजित किया जाएगा। इस निर्णय से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए अधिक समय और बेहतर बाजार मिलेगा, जिससे उनकी आय में सीधी बढ़ोतरी होगी।

यह भी पढ़ें -  दून मेडिकल कॉलेज में रैगिंग का मामला पहुंचा NMC: पीड़ित PG डॉक्टर का बदला विभाग, मेंटर भी तैनात

वर्चुअल संवाद में जुड़ी प्रदेश भर की महिलाओं ने इस योजना के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। महिलाओं ने कहा कि सरकार की योजनाओं से उनके उत्पादों को बाजार मिल रहा है और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों से इन स्टॉलों से अनिवार्य रूप से खरीदारी करने की अपील की।

यह भी पढ़ें -  Haridwar: अवधूत मण्डल आश्रम में जुटे दिग्गज, संत समागम में 'एक राष्ट्र-एक चुनाव' को दिया समर्थन

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2023 में इस योजना की शुरुआत की थी ताकि स्थानीय उत्पाद केवल गांवों तक सीमित न रहें। वर्तमान में प्रदेश में 70 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूह कार्य कर रहे हैं, जिनसे 5 लाख 20 हजार से अधिक ग्रामीण परिवार जुड़े हैं। इन समूहों को मजबूती देने के लिए 8 हजार से अधिक ग्राम संगठन और 615 क्लस्टर लेवल फेडरेशन काम कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand: रोपवे प्रोजेक्ट्स पर CM धामी का कड़ा रुख, बोले- 'फाइलों में नहीं, जमीन पर दिखना चाहिए काम'

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि समूहों के उत्पादों के विपणन के लिए प्रदेश में 49 ग्रोथ सेंटर, 17 सरस सेंटर, 33 नैनो पैकेजिंग यूनिट और 8 बेकरी यूनिट स्थापित की गई हैं। चारधाम एवं अन्य यात्रा मार्गों पर 110 बिक्री केंद्र संचालित हैं। उन्होंने कहा कि ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को ‘लोकल टू ग्लोबल’ पहचान दिलाई जा रही है। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव धीराज गर्ब्याल, अपर सचिव झरना कमठान, अनुराधा पाल और सीडीओ देहरादून अभिनव शाह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad