16 को अनाथ आश्रमों में फल वितरण, 17 को लाभार्थियों के घर दीपोत्सव, आंगनबाड़ी केंद्रों में होगा ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को भारतीय जनता पार्टी इस बार सेवा सकंल्प के रूप में पूरे एक महीने तक मनाएगी। इसके जरिए जहां पीएम मोदी और सीएम धामी की लंबी उम्र की दुआएं मांगी जाएंगी वहीं चुनावी साल में बढ़ते हुए जनसंपर्क अभियान का आगाज़ भी हो जाएगा।
जन्मोत्सव अभियान व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा । भाजपा महिला मोर्चा ने इसको लेकर बेहद गंभीर है। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट की माने तो प्रदेश भर के लिए कार्यक्रम तय हो गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन 16 सितंबर को सेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन महिला मोर्चा की सभी जिला इकाइयां अपने-अपने जिलों में अनाथ आश्रमों, बाल आश्रमों और वृद्ध आश्रमों में सेवा कार्यक्रम के साथ-साथ फल वितरण का काम भी करेंगी।
वहीं 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर प्रदेश भर में भव्य दीपोत्सव किया जाएगा। तय कार्यक्रम के मुताबिक शाम 6 बजे प्रदेश के सभी जिलों और मंडल स्तर पर सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में दीप जलाए जाएंगे। वहीं इस दौरान लाभार्थियों से मिलकर मोदी सरकार की उपलब्धियों को भी साझा किया जाएगा।
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि सेवा संकल्प माह के दौरान महिला मोर्चा ‘आंगन मिलन’ नाम से एक विशेष अभियान भी चलाएगा। इस अभियान के तहत महिला मोर्चा की कार्यकर्ता सीधे आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचेंगी। जहां आंगन मिलन’ अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जैसे आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए चित्रकला, खेलकूद जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित किए जाएंगे।आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को सम्मानित किया जाएगा क्योंकि जमीनी स्तर पर सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम यही कर रही हैं।
वहीं केंद्र पर आने वाले लाभार्थियों, विशेषकर माताओं से सीधा संवाद कर सरकार की योजनाओं का फीडबैक भी लिया जाएगा । महिला मोर्चा अध्यक्ष ने रुचि भट्ट ने कहा कि इन सभी कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य सरकार और संगठन के बीच की दूरी को खत्म कर सेवा कार्यों के जरिए सीधे जनता तक पहुंचना है।

