उत्तराखंड सरकार ने महिला सशक्तिकरण और बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। देहरादून में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने नंदा गौरा योजना के तहत हरिद्वार और उत्तरकाशी जिले की 4098 पात्र बालिकाओं के बैंक खातों में लगभग 19.23 करोड़ रुपये की बकाया धनराशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से सफलतापूर्वक ट्रांसफर की है।
यह राशि उन बालिकाओं को दी गई है जिनकी जरूरी औपचारिकताएं समय पर पूरी ना होने या जिला स्तरीय समिति से मंजूरी में देरी के कारण पहले लाभ नहीं मिल पाया था। मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि योजना के तहत लाभान्वित होने वाली लड़कियों में 417 बालिकाएं जन्म के समय सहायता पाने वाली हैं, जबकि 3681 बालिकाएं 12वीं कक्षा पास करके स्नातक में प्रवेश लेने वाली हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि साल 2017-18 से 2025-26 तक इस योजना से कुल 4,11,035 बालिकाओं को लाभ मिला है और अब तक लगभग 1314 करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजे जा चुके हैं। मंत्री ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में प्रदेश की 33,251 पात्र बालिकाओं को योजना का लाभ पहले ही मिल चुका है।
सरकार का संकल्प है कि प्रदेश की कोई भी पात्र बेटी इस योजना के लाभ से वंचित ना रहे, क्योंकि यह योजना बेटियों को शिक्षित, आत्मनिर्भर और उनके भविष्य को बेहतर बनाने में बेहद मददगार साबित हो रही है।

