रुद्रपुर। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिला स्थित रुद्रपुर क्षेत्र में आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कच्ची शराब के निर्माण और भंडारण के ठिकानों पर जोरदार छापेमारी की है। यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त और जिलाधिकारी उधम सिंह नगर के सख्त आदेश पर 17 सितंबर को अंजाम दी गई। रुद्रपुर के ग्राम बिन्दुखेड़ा और रायपुर में की गई इस छापेमारी के दौरान टीम ने 4 जलती हुई भट्टियों को ध्वस्त किया और मौके से 6000 किलोग्राम लहन नष्ट कर दिया।
विभाग को बिन्दुखेड़ा और रायपुर इलाके में अवैध कच्ची शराब बनाने और बेचने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला आबकारी अधिकारी के निर्देशन और आबकारी निरीक्षक सोनू सिंह के नेतृत्व में एक विशेष रणनीति तैयार की गई। इसके बाद क्षेत्र-01 रुद्रपुर, क्षेत्र-02 खटीमा और देहरादून मुख्यालय की संयुक्त आबकारी टीम ने एक साथ बताए गए ठिकानों पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से शराब बनाने के सभी उपकरण नष्ट कर दिए और 140 लीटर अवैध कच्ची शराब जब्त की। आबकारी विभाग ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
आबकारी विभाग ने साफ किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब का निर्माण, भंडारण या बिक्री किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं होगी। विभाग का यह विशेष चेकिंग अभियान आगे भी पूरे जिले में लगातार जारी रहेगा।

