देहरादून। मानसून की रफ्तार धीमी पड़ते ही उत्तराखंड स्थित विश्वप्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में दूसरे चरण की यात्रा ने तेजी पकड़ ली है। बदरीनाथ धाम में अब प्रतिदिन चार से पांच हजार श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। तीर्थयात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्थानीय पुलिस, जिला प्रशासन और बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने धाम में तमाम व्यवस्थाओं को दुरुस्त और तेज कर दिया है।
चालू यात्रा सीजन के दौरान बदरीनाथ धाम में अब तक 17 लाख 70 हजार से अधिक श्रद्धालु भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर चुके हैं। इसके साथ ही धाम स्थित पवित्र ब्रह्मकपाल क्षेत्र में अपने पितरों का पिंडदान और तर्पण करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में भी लगातार इजाफा हो रहा है।
बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रंगड़ ने बताया कि बदरीनाथ में प्रतिदिन आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को सुरक्षित और सुगम दर्शन कराने के लिए प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं।
मुख्य कार्याधिकारी के अनुसार, मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन ने नए पुल से आवाजाही शुरू करा दी है। वहीं भगवान के दर्शन के बाद श्रद्धालुओं की वापसी पुराने पुल के रास्ते कराई जा रही है। यात्रा के शुरुआती दौर में भी भीड़ नियंत्रण के लिए यही व्यवस्था लागू की गई थी, जिसे अब फिर से सुचारू रूप से अमल में लाया गया है।

