खटीमा के लाल कपिल पोखरिया ने मुक्केबाजी में 5-0 की जीत से पदक पक्का किया, CM धामी ने दी बधाई

ख़बर शेयर करें

खटीमा। उत्तराखंड के लाल कपिल पोखरिया ने एशियाई खेलों की मुक्केबाजी प्रतियोगिता के रिंग में अपनी ताकत का लोहा मनवाते हुए भारत के लिए एक और पदक पक्का कर दिया है। पुरुषों के 90 किग्रा भारवर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में खटीमा निवासी कपिल ने दक्षिण कोरिया के मुक्केबाज किम गिचे को एकतरफा अंदाज में 5-0 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरियाई मुक्केबाज पर मिली इस धमाकेदार जीत के साथ ही कपिल का पदक पक्का हो गया है। अब सेमीफाइनल मुकाबले में कपिल पोखरिया का सामना उज्बेकिस्तान के ख्यातिप्राप्त वर्ल्ड चैंपियन मुक्केबाज तुराबेक खबीबुल्लाएव से होगा। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले पर अब पूरे देश की निगाहें टिकी हुई हैं।

यह भी पढ़ें -  देहरादून में कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त का निकाला अर्थी जुलूस, फूंका पुतला

खटीमा के महत गांव के रहने वाले और पूर्व सैनिक नरेंद्र सिंह पोखरिया के बेटे कपिल का यह मुकाम 12 सालों की कठिन तपस्या का परिणाम है। कपिल ने 12 साल पहले रिंग में उतरकर बॉक्सिंग की बारीकियां सीखनी शुरू की थीं। साल 2017 में यूथ नेशनल में पदक जीतकर अपनी पहचान बनाने के बाद उन्होंने करियर में कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।

यह भी पढ़ें -  टिहरी पुलिस डेढ माह बाद भी नहीं ढूंढ पाई किसने की सेंदुल गांव में मैठाणी परिवार के घर चोरी

कपिल का हालिया प्रदर्शन भी बेहद शानदार रहा है। वे 2025-2026 में लगातार दो बार नेशनल चैंपियन रह चुके हैं। इससे पहले साल 2023 में आयोजित यूरोपियन चैंपियनशिप में भी कपिल ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया था।

कपिल पोखरिया की इस ऐतिहासिक सफलता पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा, “उत्तराखंड के लाल कपिल पोखरिया को बहुत बधाई। खटीमा के इस होनहार खिलाड़ी ने अपने शानदार खेल से देवभूमि उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है।”

यह भी पढ़ें -  हरिद्वार में महिला कांस्टेबल से छेड़छाड़, होमगार्ड जवान के खिलाफ FIR दर्ज

उधर, बंगाल इंजीनियरिंग से सेवानिवृत्त कपिल के पिता नरेंद्र पोखरिया ने अपने बेटे की कामयाबी पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए अत्यंत गर्व का क्षण है कि उनके बेटे ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर देवभूमि का नाम चमकाया है। कपिल की इस बड़ी उपलब्धि से सीमांत क्षेत्र खटीमा सहित पूरे उत्तराखंड में जश्न का माहौल है।