उत्तराखंड की खनन नीति का देशभर में बजा डंका, अब छत्तीसगढ़ भी अपनाएगा ई-चेक गेट मॉडल…!

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड की खनन नीति और तकनीक आधारित ई-चेक गेट प्रणाली अब दूसरे राज्यों के लिए भी आदर्श मॉडल बनती जा रही है। खनन क्षेत्र में पारदर्शिता, निगरानी और प्रभावी नियंत्रण के लिए उत्तराखंड में लागू की गई व्यवस्थाओं का अध्ययन करने अब छत्तीसगढ़ के खनन विभाग की टीम देहरादून पहुंची। यह उत्तराखंड की खनन व्यवस्था और तकनीकी पहल को मिल रही राष्ट्रीय पहचान के तौर पर देखा जा रहा है। आज छत्तीसगढ़ शासन के खनन विभाग के तीन अधिकारियों ने भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय पहुंचकर निदेशक राजपाल लेघा से शिष्टाचार भेंट की। छत्तीसगढ़ शासन के 19 नवंबर 2026 के पत्र के क्रम में पहुंचे इस दल में संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार मिश्रा, संयुक्त निदेशक भूपेन्द्र कुमार और खान निरीक्षक राजू यादव शामिल रहे।
इस दौरान अधिकारियों ने उत्तराखंड में एमडीटीएसएस योजना के अंतर्गत स्थापित ई-चेक गेट प्रणाली, खनन नीति और नियमावली की विस्तृत जानकारी हासिल की। दोनों राज्यों के अधिकारियों के बीच इस बात पर चर्चा हुई कि किस तरह तकनीक के इस्तेमाल से खनन गतिविधियों की निगरानी को प्रभावी बनाया जा सकता है और व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सकती है।
छत्तीसगढ़ से आए अधिकारियों ने केवल कागजी जानकारी तक ही खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि प्रदेश में स्थापित ई-चेक गेटों का मौके पर जाकर निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्हें प्रणाली की कार्यप्रणाली और उसके व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराया गया।

यह भी पढ़ें -  हरिद्वार में भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक जारी, चुनावी तैयारी को धार देने में जुटे पदाधिकारी

पहले भी कई राज्य कर चुके हैं अध्ययन

खास बात यह है कि उत्तराखंड की खनन नीति और ई-चेक गेट प्रणाली का अध्ययन करने वाला छत्तीसगढ़ पहला राज्य नहीं है। इससे पहले उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर समेत अन्य राज्यों के खनन विभागों के अधिकारी भी उत्तराखंड पहुंचकर यहां की व्यवस्थाओं का अध्ययन कर चुके हैं।

यह भी पढ़ें -  दिसंबर से मानदेय बढाए जाने की घोषणा यूनियन पदाधिकारियो ने कहा, "थैंक्यू सीएम सर"

यानी खनन क्षेत्र में तकनीक और पारदर्शिता को लेकर उत्तराखंड की पहल अब दूसरे राज्यों के लिए भी सीखने का विषय बन रही है। इस मौके पर खान अधिकारी ताजबर नेगी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी गुणानंद खंडूड़ी और आईटीआई कंपनी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें -  यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर पर डबल मर्डर, इलाके में दहशत

कुल मिलाकर, उत्तराखंड की खनन व्यवस्था का दूसरे राज्यों द्वारा अध्ययन किया जाना प्रदेश के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह संकेत भी है कि खनन क्षेत्र में तकनीक आधारित निगरानी और प्रशासनिक सुधारों की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को अब राज्य की सीमाओं से बाहर भी पहचान मिल रही है।