श्रीनगर गढ़वाल- श्रीनगर में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक बैकुंठ चतुर्दशी मेले को अब राजकीय मेले का दर्जा मिल जाएगा। इसका ऐलान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मेले के शुभारंभ अवसर पर श्रीनगर पहुंचकर किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला श्रीनगर की धार्मिक, सांस्कृतिक और पौराणिक पहचान का प्रतीक है। राजकीय मेला घोषित होने के बाद अब सरकार के सहयोग से इस मेले को और अधिक भव्य एवं दिव्य स्वरूप दिया जाएगा।
सीएम धामी ने श्रीनगर महापौर आरती भंडारी की गुजारिश पर बैकुंठ चतुर्दशी मेले को राजकीय मेला घोषित करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री की इस घोषणा का नगर निगम श्रीनगर की महापौर आरती भंडारी ने स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद मेले के शुभारंभ के लिए समय निकाला। साथ ही स्वच्छ श्रीनगर के लिए शहरवासियों और सफाई कर्मचारियों के योगदान की सराहना किए जाने पर भी उन्होंने मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। महापौर ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेले को राजकीय मेला घोषित किया जाना श्रीनगर के लिए गौरव की बात है। इससे मेले को भविष्य में और व्यापक पहचान मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बैकुंठ चतुर्दशी मेले की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रीनगर का यह मेला अपने आप में विशिष्ट पहचान रखता है। मुख्यमंत्री ने “खड़ा दिया” अनुष्ठान को मेले की विशेष धार्मिक परंपरा बताते हुए कहा कि यह आयोजन श्रद्धा और आस्था का अनूठा उदाहरण है।वहीं सीएम धामी ने श्रीनगर में साफ सफाई के इंतजाम को बेहतरीन करार देते हुए कहा कि श्रीनगर गढ़वाल प्रदेश के स्वच्छ शहरों में शामिल है,यहां की स्वच्छता व्यवस्था शहर को अलग पहचान देती है और इसे और बेहतर बनाने में सभी नगरवासियो का सहयोग चाहिए।
मुख्यमंत्री के श्रीनगर पहुंचने पर स्थानीय जनता और स्कूली बच्चों ने उनका जोरदार स्वागत किया। सीएम धामी ने मेले में लगे स्टाल्स का भी जायजा लिया और स्वयं सहायता समूहों के बनाए उत्पादों को प्रोत्साहित किया। वहीं कमलेश्र मंदिर में भगवान शंकर का जलाभिषेक भी किया।
मान्यता है कि बैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर श्रीनगर स्थित कमलेश्वर महादेव मंदिर में पारंपरिक खड़ा दिया अनुष्ठान में निसंतान दंपति संतान प्राप्ति की कामना के साथ पूरी रात खड़े रहकर दीप प्रज्वलित करते हैं।

