उत्तराखंड के रुड़की क्षेत्र से सटे उत्तर प्रदेश के दादूपुर गांव में डबल मर्डर की वारदात से इलाके में सनसनी मच गई। बीते रोज शाम के वक्त हथियारों से लैस बदमाशों ने गांव में धावा बोल कर एक घर में में घुसकर पिता और पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी।
बताया जा रहा है कि छह बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया और उसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक, तीन बाइकों पर बदमाश सवार होकर गांव में दाखिल हुए और सरदार मुख्तार सिंह के घर में घुसे । जहां उन्होने अपने इरादों को अंजाम देते हुए 60 वर्षीय मुख्तार सिंह और उनके 30 वर्षीय बेटे सुखविंदर सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए दोनों की जान ले ली।
गोलियों की आवाज से गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना सबसे पहले खानपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही खानपुर थाना प्रभारी, एसपी देहात और लक्सर सीओ मौके पर पहुंचे। हालांकि, घटनास्थल उत्तर प्रदेश की सीमा में होने के चलते यूपी के पुरकाजी थाना पुलिस को सूचना दी गई।
मनमीत सिंह, (मृतक मुख्तार सिंह का पौत्र)
शुरुआती दौर में घटनास्थल के अधिकार क्षेत्र को लेकर दोनों राज्यों की पुलिस के बीच कुछ देर असमंजस की स्थिति रही। बाद में पुरकाजी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लिया और कानूनी कार्रवाई शुरू की। मृतक मुख्तार सिंह के पौत्र मनमीत सिंह ने वारदात को लेकर पुलिस को अहम जानकारी दी । माना जा रहा है कि डबल मर्डर के पीछे पुरानी रंजिश हो सकती है। हलांकि गांव में दहशत मचाने वाली इस वारदात की जांच में पुलिस जुट गई है।ताकि हमलावरों की तलाश के लिए कुछ अहम सुराग हाथ लग सके और डबल मर्डर के पीछे की वजह सामने आ सके।
अभय प्रताप सिंह, एस.पी. देहात रुड़की

