हरिद्वार: भाजपा प्रदेश कार्यसमिति बैठक में बांसुरी स्वराज का दावा- उत्तराखंड में बनेगी तीसरी बार भाजपा सरकार

ख़बर शेयर करें

हरिद्वार। हरिद्वार में आज शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू हो चुकी है, जहां प्रदेश सह प्रभारी बांसुरी स्वराज ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा तीसरी बार सरकार बनाएगी और कार्यकर्ता केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को लेकर 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए जनता के बीच जाएंगे। इस बैठक के जरिए पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच चुनावी लक्ष्य और कार्यक्रमों की रूपरेखा आगे बढ़ाई है।

हरिद्वार में शुरू होने वाली भाजपा प्रदेश कार्यसमिति बैठक से पहले बांसुरी स्वराज ने प्रेसवार्ता कर कहा कि राज्य में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसके कार्यकर्ता हैं और हरिद्वार गंगा की नगरी होने के साथ उत्तराखंड का प्रवेश द्वार भी है।

बांसुरी स्वराज ने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति की इस बैठक से कार्यकर्ता वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लक्ष्य को लेकर लौटेंगे। वे घर-घर और बूथ स्तर तक पहुंचकर जनता को केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराएंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि वीरभूमि भी है। बांसुरी स्वराज ने इसे अपना व्यक्तिगत सौभाग्य बताया कि संगठन ने उन्हें इस देवभूमि और वीरभूमि का सह प्रभारी बनाया है।

यह भी पढ़ें -  पंचतत्व में विलीन हुईं CM योगी की मां सावित्री देवी: पार्थिव शरीर को कंधा देते हुए छलक पड़े सीएम योगी के आंसू, छोटे भाई ने दी मुखाग्नि

बांसुरी स्वराज ने विश्वास जताया कि उत्तराखंड की जनता भाजपा को लगातार तीसरी बार सत्ता में आने का आशीर्वाद देगी। उनके अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने प्रदेश में विकास के कई उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास नीतियों और उनके विजन को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी धरातल पर उतार रहे हैं। बांसुरी स्वराज को पूरा विश्वास है कि मतदाता विकास कार्यों और सरकार के प्रयासों पर फिर से मुहर लगाते हुए भाजपा को वोट रूपी आशीर्वाद देंगे।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड के PRD जवानों की मांगों पर सरकार गंभीर: होमगार्ड की तर्ज पर डीए देने के कानूनी पहलुओं की होगी जांच

बांसुरी स्वराज ने बताया कि प्रदेश कार्यसमिति से एक दिन पहले प्रकोष्ठों और मोर्चों की बैठक में आगामी चुनावों की रणनीति और संगठनात्मक विषयों पर पारिवारिक वातावरण में चर्चा हुई। इसमें प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, वरिष्ठ नेता राम माधव और संगठन महामंत्री, शहर प्रभारी अरविंद मेनन सहित अन्य नेताओं का मार्गदर्शन मिला।

उन्होंने यह भी कहा कि हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली से उत्तराखंड पहुंचे प्रवासी कार्यकर्ताओं के सहयोग और अथक प्रयासों से पार्टी प्रदेश में फिर कमल खिलाने के लक्ष्य को हासिल करेगी।

दूसरी ओर, कार्यसमिति बैठक स्थल प्रेम नगर आश्रम में पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने कई कार्यक्रम तय किए हैं। इनमें महिला चौपाल और एससी-एसटी सम्मेलन सहित अन्य जनसंपर्क कार्यक्रम शामिल हैं, जिनके जरिए सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में विकास कार्यों को ₹155.96 करोड़, चकबंदी को ₹100 करोड़; कर्मचारियों का DA भी बढ़ा

महेंद्र भट्ट ने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा के तहत सरकार की उपलब्धियों को लेकर पार्टी प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में जाएगी। इस यात्रा में मुख्यमंत्री और केंद्रीय नेताओं का भी आगमन होगा, जिसके विस्तृत कार्यक्रम पर चर्चा की जाएगी।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि प्रदेश के सांगठनिक 19 जिलों में दूसरे राज्यों से आने वाले कार्यकर्ताओं को जिला विस्तारक की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी और आज ही उन्हें जिले आवंटित किए जाएंगे। प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में भी चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा होगी। महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य और पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। उनके मुताबिक, पार्टी सकारात्मक और संगठनात्मक मजबूती के साथ चुनावी तैयारियों में जुट गई है।