उत्तराखंड रोडवेज में चालकों की कमी: दून पर्वतीय डिपो की 8 बसें एक सप्ताह से खड़ी, पहाड़ जाने वाले यात्री परेशान

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड परिवहन निगम में चालकों के अभाव के कारण पर्वतीय डिपो की आठ बसें पिछले एक सप्ताह से रूट पर नहीं जा सकी हैं, जिससे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। पर्वतीय डिपो के सहायक महाप्रबंधक रमेश सिंह ने बताया कि त्योहारी स्कीम के तहत ड्यूटी करने वाले चालकों को एक साथ अवकाश दिए जाने से यह दिक्कत आई है, हालांकि सभी बसों के संचालन के लिए ड्यूटी लगाई जा रही है।

परिवहन विभाग के अनुसार, ये सभी आठ बसें पर्वतीय मार्गों पर संचालित की जाती हैं। एक सप्ताह से इन बसों का संचालन ठप रहने के कारण पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों को भारी दिक्कत उठानी पड़ रही है। जानकारी के मुताबिक, दिवाली के दौरान लागू की गई त्योहारी स्कीम के तहत कई चालकों और परिचालकों ने लगातार कई घंटे तक काम किया था। लगातार ड्यूटी करने के बाद एक साथ कई चालक लंबी छुट्टी लेकर चले गए, जिससे डिपो का संचालन प्रभावित हो गया।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand Election 2027: कांग्रेस ने तैयार किया टिकट बंटवारे का फॉर्मूला, 6 चरणों की कड़ी प्रक्रिया से गुजरेंगे दावेदार

वर्तमान में स्थिति यह है कि डिपो में बड़ी संख्या में बसें खड़ी होने के बावजूद चालक न होने से वे रूट पर नहीं जा पा रही हैं। चालकों के एक साथ अवकाश पर जाने का सीधा असर नियमित बस सेवाओं पर पड़ा है। अधिकारियों के मुताबिक, देहरादून के हिल डिपो के पास वर्तमान में करीब 102 बसें उपलब्ध हैं। इनमें से लगभग 90 प्रतिशत बसों का संचालन पर्वतीय मार्गों पर ही किया जाता है।

यह भी पढ़ें -  नई दिल्ली: पीएम मोदी से सीएम धामी ने की मुलाकाल, भेंट किए मलारी की कोट पट्टी, दोरखा और स्थानीय उत्पाद

बड़ी संख्या में बसें रूट पर न निकल पाने के कारण परिवहन व्यवस्था पर काफी असर पड़ रहा है। इससे एक ओर जहां यात्रियों को आवाजाही में परेशानी झेलनी पड़ रही है, वहीं दूसरी ओर परिवहन निगम की आय भी प्रभावित हो रही है। पर्वतीय डिपो के सहायक महाप्रबंधक रमेश सिंह ने कहा कि त्योहारी स्कीम की वजह से यह दिक्कत सामने आई है। उन्होंने बताया कि सभी बसों के संचालन के लिए चालकों की ड्यूटी लगाई जा रही है।

यह भी पढ़ें -  'हिमालयन MTB चैलेंज-2026': मुक्तेश्वर से शुरू हुई 658 किमी लंबी साइक्लिंग रेस, 10 जिलों से होकर पहुंचेगी मसूरी

सहायक महाप्रबंधक रमेश सिंह ने यह भी कहा कि जल्द ही सभी रुकी हुई बसें अपने निर्धारित रूट पर चलने लगेंगी। डिपो प्रशासन द्वारा ड्यूटी व्यवस्था दुरुस्त कर पर्वतीय मार्गों पर बसों का संचालन सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।