उत्तराखंड में विकास कार्यों को ₹155.96 करोड़, चकबंदी को ₹100 करोड़; कर्मचारियों का DA भी बढ़ा

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में अवस्थापना विकास, सड़क एवं पुल निर्माण, पार्किंग और पेयजल व्यवस्था के कार्यों के लिए ₹155.96 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इसके साथ ही राज्य कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी, 178 कार्मिकों को पुरानी पेंशन योजना में शामिल करने और स्वैच्छिक व आंशिक चकबंदी के लिए ₹100 करोड़ स्वीकृत करने के निर्णयों से प्रदेश के विकास, कर्मचारियों और आम लोगों पर सीधा असर पड़ा है।

पार्किंग निर्माण के तहत अल्मोड़ा के रानीखेत विधानसभा क्षेत्र के मौलेखाल बाजार में पार्किंग के लिए पेयजल निगम को कार्यदायी संस्था नामित करते हुए ₹591.16 लाख मंजूर किए गए हैं। वहीं चम्पावत के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में पंचेश्वर टैक्सी स्टैंड लोहाघाट में मल्टी लेवल पार्किंग व अन्य निर्माण कार्यों के लिए ₹998.55 लाख की स्वीकृति दी गई है।

सड़क और पुल कार्यों में पिथौरागढ़ के मूनाकोट विकासखंड के कुसेरी बैण्ड से सिलौनी मोटर मार्ग के डी.बी.एम. बी.सी. अपग्रेडेशन हेतु ₹199.17 लाख स्वीकृत हुए हैं। उत्तरकाशी के भटवाड़ी विकासखंड में उत्तरकाशी घनसाली तिलवाड़ा मोटर मार्ग (एस.एच.-15) के किमी. 12 पर 02 लेन सेतु के क्लास-बी से क्लास-ए उच्चीकरण के लिए ₹409.23 लाख मंजूर किए गए हैं।

यह भी पढ़ें -  हरिद्वार: भाजपा प्रदेश कार्यसमिति बैठक में बांसुरी स्वराज का दावा- उत्तराखंड में बनेगी तीसरी बार भाजपा सरकार

पिथौरागढ़ के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में एसएच-60 के चैनेज 154.990 पर मोटर पुल के क्लास-बी से क्लास-ए उच्चीकरण के लिए ₹501.17 लाख की मंजूरी दी गई है। इसी मार्ग पर चैनेज 134.950 के मोटर पुल के क्लास-बी से क्लास-ए उच्चीकरण हेतु ₹159.73 लाख और चैनेज 171.740 पर 45 मीटर स्पान के मोटर पुल के उच्चीकरण के लिए ₹463.21 लाख स्वीकृत हुए हैं।

गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र में एसएच-60 के किमी 127 पर पहले बने क्लास-बी पुल के स्थान पर 53 मीटर लंबाई का क्लास-ए लोडिंग दो लेन पुल बनाने के लिए ₹725.45 लाख मंजूर किए गए हैं। टिहरी गढ़वाल के धनौल्टी क्षेत्र में लालूरी-घियाकोटी-क्यार्दा की चाली मिसिंग लिंक मोटर मार्ग के निर्माण (हिल साइड कटिंग) के लिए ₹176.85 लाख स्वीकृत हुए हैं।

पौड़ी गढ़वाल के चौबट्टाखाल क्षेत्र के पोखड़ा विकासखंड में कोट मल्ला से कोट तत्ला कंडिया कुलासु रीठा खाल मोटर मार्ग (5.00 किमी) के पुनर्निर्माण व सुधारीकरण हेतु ₹376.90 लाख मंजूर किए गए हैं। ऊधमसिंह नगर के सितारगंज क्षेत्र में ग्राम गोविन्दनगर के पडागांव चौराहे से जंगल सीमा तक मार्ग पुनर्निर्माण के लिए ₹90.41 लाख और ग्राम टैगोर नगर में जैल कैम्प मुख्य मार्ग से हरेन्द्र मंडल के घर होते हुए सिंचाई नहर पुलिया तक मार्ग पुनर्निर्माण के लिए ₹90.61 लाख स्वीकृत हुए हैं।

यह भी पढ़ें -  राहुल गांधी से मुलाकात के बाद हरीश रावत में दिखा नया जोश, बोले- 80 की उम्र में नेतृत्व का भरोसा मेरे लिए बूस्टर डोज

पेयजल व्यवस्था के अंतर्गत देहरादून की रायपुर शाखा देहरादून परिक्षेत्र और हरिद्वार की हरिद्वार शाखा हरिद्वार परिक्षेत्र के अधिक पेयजल खपत वाले वार्डों में जल संयोजनों पर घरेलू मैकेनिकल वाटर मीटर क्लास-बी लगाने हेतु क्रमशः ₹349.59 लाख और ₹464.77 लाख मंजूर किए गए हैं।

वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्वैच्छिक एवं आंशिक चकबंदी को प्रोत्साहित करने के लिए नई मद खोलने तथा राज्य आकस्मिकता निधि से ₹100 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।

महंगाई भत्ते से जुड़े फैसलों में छठे केंद्रीय वेतन आयोग के अनुसार वेतन-भत्ते पा रहे राज्य सरकार व राज्य स्वायत्त निकायों/उपक्रमों के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 1 जुलाई, 2026 से 262 प्रतिशत से बढ़ाकर 269 प्रतिशत प्रतिमाह करने को मंजूरी मिली है। पांचवें केंद्रीय वेतन आयोग के अनुसार वेतन-भत्ते ले रहे कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 1 जुलाई, 2026 से 483 प्रतिशत से बढ़ाकर 497 प्रतिशत प्रतिमाह करने का अनुमोदन किया गया है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड रोडवेज में चालकों की कमी: दून पर्वतीय डिपो की 8 बसें एक सप्ताह से खड़ी, पहाड़ जाने वाले यात्री परेशान

इसके अतिरिक्त 178 आरक्षी, पीएसी एवं आईआरबी कार्मिकों को राष्ट्रीय पेंशन योजना से पुरानी पेंशन योजना में शामिल करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर परिसर स्थित सामुदायिक भवन का नाम पूर्व पालिका अध्यक्ष स्व. सोबन सिंह नेगी के नाम पर ‘स्व. सोबन सिंह नेगी सामुदायिक भवन‘ रखने का अनुमोदन भी हुआ है।

प्रशासनिक कार्रवाई के तहत ग्राम सराय स्थित भूमि क्रय से जुड़ी संभावित अनियमितताओं के मामले में तत्कालीन नगर आयुक्त, नगर निगम हरिद्वार वरुण चौधरी के निलंबन की अवधि 29 नवंबर, 2026 से बढ़ाने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई है।