गंगा की निर्मलता बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी-CM धामी हरिद्वार में विश्व मात्स्यिकी दिवस पर गंगा में छोड़े गए 10 हजार मत्स्य बीज

ख़बर शेयर करें

हरिद्वार | विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार के अमरापुर घाट पर मत्स्य विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गंगा नदी में 10 हजार मत्स्य बीजों का संचयन किया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गंगा की प्राकृतिक मत्स्य संपदा का संरक्षण एवं संवर्धन, जलीय जैव विविधता को बढ़ावा देना तथा नदी के पारिस्थितिकीय संतुलन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है।

CM धामीइस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मां गंगा हमारी आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक होने के साथ ही समृद्ध जैव विविधता एवं प्राकृतिक संसाधनों का महत्वपूर्ण आधार भी हैं।उन्होंने कहा कि गंगा की निर्मलता, अविरलता और प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नदियों में पाए जाने वाले जलीय जीवों एवं प्राकृतिक मत्स्य संपदा का संरक्षण पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अत्यंत आवश्यक है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: पंतनगर विवि में भर्ती प्रक्रिया के बीच लागू नहीं होंगी पात्रता की नई शर्तें

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है। नदियों में उपयुक्त प्रजातियों के मत्स्य बीजों का संचयन प्राकृतिक मत्स्य संपदा के संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से जलीय पारिस्थितिकी के संरक्षण के साथ ही मत्स्य संसाधनों के सतत विकास को प्रोत्साहन मिलता है।

यह भी पढ़ें -  दिल्ली में BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मिले CM पुष्कर सिंह धामी, कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।उन्होंने आमजन से मां गंगा सहित प्रदेश की सभी नदियों की स्वच्छता बनाए रखने, जल प्रदूषण रोकने तथा जलीय जीवों के प्राकृतिक आवासों के संरक्षण में सहयोग करने की अपील की।उन्होंने कहा कि हमारी नदियां और प्राकृतिक संसाधन आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण करते हुए विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ, समृद्ध एवं पर्यावरणीय दृष्टि से सुरक्षित भविष्य का निर्माण किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें -  मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावुक हुए सीएम योगी, कंधा देकर पंचूर से हरिद्वार के लिए निकली अंतिम यात्रा