मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावुक हुए सीएम योगी, कंधा देकर पंचूर से हरिद्वार के लिए निकली अंतिम यात्रा

ख़बर शेयर करें

पौड़ी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी की अंतिम यात्रा शनिवार सुबह उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर से हरिद्वार के लिए रवाना हुई। 89 वर्षीय सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह यमकेश्वर ब्लॉक के पंचूर गांव में निधन हो गया था, जिनका अंतिम संस्कार आज हरिद्वार के चंडी घाट पर किया जाएगा।

शनिवार सुबह अंतिम यात्रा शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी माता के अंतिम दर्शन किए। इस दौरान वह बेहद भावुक नजर आए और उन्होंने मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

पुष्प अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री योगी कुछ देर तक पार्थिव शरीर के पास खड़े रहे और उन्हें एकटक निहारते रहे। पारिवारिक माहौल में उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ अंतिम विदाई की सभी रस्मों में हिस्सा लिया। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार रात भर अपनी मां के पार्थिव शरीर के पास ही बैठे रहे। इस दुखद घड़ी में उन्होंने रात भर अन्न और जल भी ग्रहण नहीं किया।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड की सभी 7797 ग्राम पंचायतों को देना होगा बाल विवाह मुक्त होने का प्रमाण, मंत्री रेखा आर्या के सख्त निर्देश

अंतिम दर्शन के दौरान सीएम योगी ने परिवार के सदस्यों और माता की देखभाल करने वाले लोगों से उनके अंतिम समय के बारे में भी विस्तार से जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने परिजनों के साथ मिलकर अंतिम यात्रा की तैयारियों को पूरा कराया। शनिवार सुबह जब पंचूर स्थित पैतृक घर से माता सावित्री देवी की अंतिम यात्रा निकली, तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं अर्थी को कंधा देकर बाहर निकले। घर से अर्थी निकलते समय परिवार के सदस्य और स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: 10 जिलों से गुजरेगी 658 किमी लंबी हिमालयन MTB साइकिलिंग रेस, सीएम धामी ने 80 राइडर्स को दी शुभकामनाएं

पंचूर गांव से रवाना होकर माता सावित्री देवी के पार्थिव शरीर को सीधे हरिद्वार के चंडी घाट ले जाया जा रहा है। तय कार्यक्रम के अनुसार, आज हरिद्वार के चंडी घाट पर ही पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न होगा। इस अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों के भी हरिद्वार पहुंचने की संभावना है। मंत्रियों और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए स्थानीय स्तर पर भी आवश्यक तैयारियां की गई हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड चुनाव: भाजपा तैयार करेगी प्रत्याशियों का पैनल, रिपोर्ट कार्ड और रायशुमारी से तय होंगे टिकट

उल्लेखनीय है कि सावित्री देवी उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक अंतर्गत अपने पैतृक गांव पंचूर में रहती थीं। शुक्रवार सुबह उनके निधन की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पहुंच गए थे। पैतृक गांव पंचूर से शुरू हुई यह अंतिम यात्रा अब हरिद्वार के चंडी घाट की ओर बढ़ रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने परिजनों के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करने के लिए हरिद्वार पहुंच रहे हैं।