उत्तराखंड: 10 जिलों से गुजरेगी 658 किमी लंबी हिमालयन MTB साइकिलिंग रेस, सीएम धामी ने 80 राइडर्स को दी शुभकामनाएं

ख़बर शेयर करें

नैनीताल। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘अल्टीमेट उत्तराखण्ड हिमालयन MTB चैलेंज-2026’ के आगाज से एक शाम पहले प्रतिभागियों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद की ओर से नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर स्थित सुकमा रिजॉर्ट में भव्य गाला डिनर का आयोजन किया गया था। मुख्यमंत्री ने देश के अलग-अलग राज्यों से पहुंचे 80 साइकिलिस्टों का स्वागत करते हुए उन्हें इस कठिन रेस के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

सीएम धामी ने कहा कि अल्टीमेट उत्तराखण्ड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 जैसी प्रतियोगिताएं राज्य के विभिन्न जिलों, घाटियों और नगरों को एक सूत्र में जोड़ने का काम कर रही हैं। यह रोमांचक साइकिलिंग रेस प्रदेश के 10 जिलों से होकर गुजरेगी। प्रतिभागी कुल 658 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे और 26 नवंबर को मसूरी में इस प्रतियोगिता का समापन होगा।

यह भी पढ़ें -  चुनाव नजदीक आते ही हरक सिंह को याद आने लगे मदद के किस्से, जिनकी मदद की उन्हीं के नाम लेकर सुनाने लगे कहानी!

मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि ऐसे आयोजनों से देश-दुनिया के लोगों को उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक खानपान और रीति-रिवाजों को करीब से जानने का मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को मजबूती देने के साथ ही स्थानीय उत्पादों और पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

राज्य की पर्यटन और रोजगार संभावनाओं पर बात करते हुए सीएम ने कहा कि बाहर से आने वाले साइकिलिस्ट और पर्यटक यहां की हिमालयी घाटियों और जैव विविधता से रूबरू होते हैं। इससे उत्तराखण्ड को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए रास्ते भी खुलते हैं।

यह भी पढ़ें -  भाजपा प्रदेश महेंद्र भट्ट ने किया बड़ा दावा,टिहरी जिले में कई जनप्रतिनिधियों ने थामा पार्टी का दामन

सीएम धामी ने विश्वास जताया कि यह आयोजन उत्तराखण्ड को देश के प्रमुख एडवेंचर टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में बड़ी भूमिका निभाएगा। गाला डिनर कार्यक्रम के दौरान देश भर से आए 80 साइकिलिस्टों, अतिथियों और आयोजकों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।

समारोह में स्थानीय सांस्कृतिक दलों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। संकल्प ग्रुप, कुमाऊं सांस्कृतिक उत्थान समिति और नई दिशाएं के कलाकारों ने पारंपरिक लोकगीतों और लोकधुनों पर शानदार प्रस्तुति दी। इन कार्यक्रमों के जरिए उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत की जीवंत झलक देखने को मिली।

सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण कुमाऊं की प्रसिद्ध लोक प्रेमगाथा ‘राजुला-मालूशाही’ पर आधारित लोकनृत्य रहा। कलाकारों ने नृत्य और संगीत के जरिए राजुला और मालूशाही के अमर प्रेम, संघर्ष और विरह की कहानी को मंच पर जीवंत कर दिया। इसके अलावा, ‘तेरो नथुली को डोर’ गीत पर प्रस्तुत किए गए छपेली लोकनृत्य ने भी दर्शकों का दिल जीत लिया।

यह भी पढ़ें -  लखनऊ में सीएम योगी से सीएम धामी की भेंट, बनबसा बैराज और लंबित परिसंपत्ति विवादों पर हुई अहम चर्चा

कार्यक्रम में शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इनमें दर्जा राज्यमंत्री देवेंद्र ढेला, ब्लॉक प्रमुख भावना आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर और मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय शामिल थे। इनके साथ ही महाप्रबंधक मनीष सिंह, सीआईएफ के संयुक्त सचिव शैलेन्द्र पाठक, पर्यटन विकास परिषद के सदस्य नितिन राणा और गिरधर मनराल सहित सभी प्रतिभागी व गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।