लखनऊ में सीएम योगी से सीएम धामी की भेंट, बनबसा बैराज और लंबित परिसंपत्ति विवादों पर हुई अहम चर्चा

ख़बर शेयर करें

लखनऊ। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात में दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के मध्य सिंचाई विभाग सहित विभिन्न विभागों के लंबित परिसंपत्ति विवादों के समाधान और पूर्व के निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा हुई।

इस बैठक का सीधा असर दोनों राज्यों के प्रशासनिक समन्वय के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों और किसानों से जुड़े कामों पर पड़ने की उम्मीद है। भेंट के दौरान पूर्व में लिए गए निर्णयों को ज़मीन पर प्रभावी ढंग से लागू करने को लेकर भी गंभीर बातचीत हुई।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड चुनाव में बीजेपी का नया और सख्त फॉर्मूला, टिकट के दावेदारों के बीच अब होगी आंतरिक वोटिंग

मुख्यमंत्री धामी ने विशेष रूप से बनबसा बैराज और नगरा बाईपास नहर की मरम्मत का विषय उठाया। इसके साथ ही उन्होंने झनकैया पुल और सूखा पुल सहित सिंचाई विभाग के पुराने व जर्जर पुलों की मरम्मत, सुदृढ़ीकरण और ज़रूरत के मुताबिक पुनर्निर्माण की बात रखी।

मुख्यमंत्री धामी ने इन कामों को जनहित के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए इन्हें प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने पर ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि बैराज, नहर की मरम्मत और पुलों का सुदृढ़ीकरण स्थानीय लोगों की सुरक्षा, सुगम आवागमन और बेहतर सिंचाई सुविधाओं के लिए ज़रूरी है।मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कार्यों के शीघ्र क्रियान्वयन से स्थानीय लोगों और किसानों को लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इन कामों को आगे बढ़ाने के लिए दोनों राज्यों के संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखना जरूरी है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में बढ़ेगी मानव-वन्यजीव संघर्ष की राहत राशि, प्रमुख सचिव वन ने दिए नया प्रस्ताव बनाने के निर्देश

सिंचाई विभाग के अलावा अन्य विभागों की परिसंपत्तियों के बंटवारे, हस्तांतरण और लंबित मामलों के निस्तारण पर भी दोनों नेताओं ने चर्चा की। पूर्व में अलग-अलग स्तरों पर बनी सहमति के अनुसार अब तक हुई प्रगति पर बात हुई और बाकी मामलों के समयबद्ध समाधान व निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन पर ज़ोर दिया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच आपसी सहयोग, सकारात्मक संवाद और निरंतर समन्वय से परिसंपत्तियों के बंटवारे से जुड़े कई अहम मामलों का समाधान हुआ है। उनके अनुसार, पूर्व की सहमति के आधार पर कई मामलों में ज़रूरी कार्रवाई पूरी हो चुकी है और बाकी विषयों का भी आपसी सहमति व सहयोग से शीघ्र समाधान होगा।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड के 5 जिलों की 9 विधानसभाओं की सड़कों और मंदिरों का होगा कायाकल्प, 17.75 करोड़ रुपये मंजूर

अंत में मुख्यमंत्री धामी ने परिसंपत्तियों से जुड़े विभिन्न मामलों के समाधान में उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय से जनहित के विषयों का समाधान सुनिश्चित करने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।