उत्तराखंड के 5 जिलों की 9 विधानसभाओं की सड़कों और मंदिरों का होगा कायाकल्प, 17.75 करोड़ रुपये मंजूर

ख़बर शेयर करें

देहरादून। प्रदेश के पांच जनपदों की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम घोषणाओं के अंतर्गत कुल ₹17.75 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस निर्णय से टिहरी गढ़वाल, पिथौरागढ़, चम्पावत, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जनपदों में प्रस्तावित निर्माण कार्यों को गति मिलेगी। स्वीकृत धनराशि से सड़क निर्माण, मंदिरों व मेला स्थलों के सौंदर्यीकरण, धर्मशाला निर्माण और पेयजल सुविधा से जुड़े कार्य कराए जाएंगे।

टिहरी गढ़वाल जनपद की प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए बड़ा बजट मंजूर किया गया है। यहां हुणेश्वर महादेव मंदिर के निकट धर्मशाला, कक्षों और शौचालयों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए कुल ₹98.77 लाख की स्वीकृति दी गई है। इस कार्य को प्रारंभ करने के लिए प्रथम किस्त के रूप में ₹59.26 लाख जारी करने की मंजूरी भी दे दी गई है।

इसी जनपद की देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत दो मंदिरों के सौंदर्यीकरण कार्यों को स्वीकृति मिली है। विकासखंड कीर्तिनगर की ग्राम सभा बड़ोला के उरमण तोक में स्थित बिन्सर देवता मंदिर के सौंदर्यीकरण और इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण के लिए ₹36.19 लाख मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा इसी क्षेत्र में डागर शिवालय के सौंदर्यीकरण कार्य के लिए ₹39.94 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: राष्ट्रीय खेलों की तैयारी पर ब्रेक, विशेष कैंप पर विभाग और एसोसिएशन में ठनी

पिथौरागढ़ जनपद की धारचूला विधानसभा क्षेत्र में मेला स्थल और पैदल मार्ग निर्माण के लिए बजट आवंटित किया गया है। धारचूला के ग्राम गटघोरगाड़ी में नौलिंग मेला स्थल के निर्माण हेतु ₹79.49 लाख मंजूर करते हुए प्रथम किस्त के रूप में ₹47.69 लाख की स्वीकृति दी गई है। इसके साथ ही मदकोट क्षेत्र में मंदाकिनी पुल से ग्राम सभा राप्ती तक पैदल अश्व मार्ग निर्माण के लिए ₹29.84 लाख मंजूर किए गए हैं।

पिथौरागढ़ की ही डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण संपर्क और सुरक्षा कार्यों के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है। यहां ग्राम पंचायत खोलीमाली कन्यूरी में खड़ंजा, सीसी मार्ग, पुलिया और सुरक्षात्मक कार्यों के लिए कुल ₹93.64 लाख की मंजूरी दी गई है। इस योजना की प्रथम किस्त के तौर पर ₹56.18 लाख जारी करने का अनुमोदन भी प्रदान किया गया है।

यह भी पढ़ें -  देहरादून में नवनियुक्त CDO ने संभाला कार्यभार

चम्पावत जनपद की लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में ऐतिहासिक मेला स्थल के विकास के लिए बड़ा बजट जारी हुआ है। ग्राम पंचायत ठांटा स्थित ऐतिहासिक दूधाधारी भगवती मेला स्थल के सौंदर्यीकरण, दर्शक दीर्घा और ध्यान केंद्र निर्माण हेतु ₹97.10 लाख मंजूर किए गए हैं। इसके लिए प्रथम किस्त के रूप में ₹58.26 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।

चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण सड़कों के निर्माण को प्राथमिकता देते हुए दो बड़ी योजनाओं को हरी झंडी मिली है। बसुधुरा से सेला तक संपर्क मार्ग निर्माण के लिए कुल ₹81.96 लाख की लागत के मुकाबले ₹25 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। वहीं, टनकपुर और बनबसा के ग्रामीण क्षेत्रों में 10-10 किलोमीटर आंतरिक मार्गों के निर्माण हेतु कुल ₹614 लाख स्वीकृत करते हुए चालू वित्तीय वर्ष में ₹5 करोड़ की धनराशि मंजूर की गई है।

यह भी पढ़ें -  चमोली: पीपलकोटी मातृशक्ति सम्मेलन में उमड़ा नारी शक्ति का सैलाब, सीएम धामी ने 149.77 करोड़ की विकास योजनाओं की दी सौगात

हरिद्वार जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कुल 250 हैंडपंप लगाए जाने की स्वीकृति दी गई है। झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में 50 हैंडपंप लगाने के लिए ₹99.44 लाख मंजूर करते हुए प्रथम किस्त में ₹59.66 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके अतिरिक्त भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र में 200 हैंडपंपों के निर्माण हेतु ₹100.43 लाख की मंजूरी प्रदान की गई है।

इसके अलावा ऊधमसिंह नगर और चम्पावत जनपद की दो विधानसभाओं में सीएम घोषणा के अंतर्गत प्रस्तावित अन्य विकास कार्यों के लिए भी एकमुश्त बजट स्वीकृत किया गया है। ऊधमसिंह नगर के गदरपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित कार्यों के लिए कुल ₹184.37 लाख मंजूर किए गए हैं। वहीं, चम्पावत जनपद के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में सीएम घोषणा के तहत प्रस्तावित विकास कार्यों के लिए ₹220 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।