देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड में प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया में एक बड़ा और सख्त बदलाव किया है। पार्टी ने तय किया है कि अब हर विधानसभा सीट पर टिकट के दावेदारों के बीच आंतरिक मतदान कराया जाएगा। देहरादून से सामने आई जानकारी के मुताबिक, इस वोटिंग के जो परिणाम आएंगे, संगठन उसी के आधार पर प्रत्याशियों के नामों का पैनल तैयार करके राष्ट्रीय नेतृत्व को भेजेगा। लगातार दस साल सत्ता में रहने के बाद भाजपा द्वारा लागू किया गया यह नया नियम टिकट की रेस में शामिल नेताओं के लिए बड़ी परीक्षा माना जा रहा है।
टिकट वितरण की इस त्रि-स्तरीय रणनीति के पहले चरण में पार्टी ने कोर कमेटी के सदस्यों को अलग-अलग विधानसभाओं की जिम्मेदारी सौंपी है। ये नेता संबंधित क्षेत्रों में प्रवास कर सीधे जनता के बीच से जमीनी फीडबैक जुटा रहे हैं। जनता से मिलने वाली प्रतिक्रिया के आधार पर ही कोर कमेटी के सदस्य दावेदारों का प्रारंभिक पैनल तैयार कर संगठन को सौंपेंगे।
दूसरी ओर, जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की रायशुमारी के लिए हर विधानसभा में मतदान का अनूठा फॉर्मूला लागू किया गया है। इस पूरी प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी रखने के लिए हर विधानसभा में मतपेटियां पहुंचाई जाएंगी और तीन सदस्यीय विशेष समिति इसकी निगरानी करेगी।
इस आंतरिक मतदान प्रक्रिया में संगठन के जिला, मंडल से लेकर शाखा स्तर तक के पदाधिकारी और वरिष्ठ कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। ये सभी अपने क्षेत्र के पसंदीदा दावेदार के पक्ष में वोट डालेंगे, जिसके बाद प्रत्येक विधानसभा से शीर्ष तीन नामों की छंटनी की जाएगी। इस प्रक्रिया में कम वोट या शून्य वोट पाने वाले दावेदार स्वतः ही दौड़ से बाहर हो जाएंगे।
पार्टी के प्रदेश प्रभारी राम माधव की अगुवाई में एक विशेष टीम इसके बाद हर विधानसभा के शीर्ष तीन दावेदारों का अंतिम पैनल तैयार करेगी। इस मतदान पैनल का मिलान कोर कमेटी के सदस्यों द्वारा तैयार किए गए नामों के साथ किया जाएगा। दोनों स्तरों की गहन समीक्षा के बाद हर विधानसभा के लिए तीन नामों का फाइनल पैनल पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व को सौंपा जाएगा।
पार्टी नेतृत्व का मानना है कि इस आंतरिक वोटिंग व्यवस्था से टिकट बंटवारे के दौरान होने वाली संभावित बगावत से बड़ी राहत मिलेगी। चूंकि हर विधानसभा में कई दावेदार ताल ठोक रहे हैं, ऐसे में मतदान के जरिए छंटनी होने पर टिकट मिलने के बाद बगावती तेवरों से पार्टी को जूझना नहीं पड़ेगा। कार्यकर्ताओं की सीधी सहमति से मैदान में उतरने वाले प्रत्याशी के पीछे पूरा संगठन एकजुट होकर काम करेगा, जिससे पार्टी की जीत की संभावनाओं को मजबूती मिलेगी।

