देहरादून: युवा कौशल महोत्सव-2026 में सीएम धामी ने 35 मेधावियों को किया सम्मानित, सौंपे नियुक्ति पत्र

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून स्थित आईआरडीटी सभागार में कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग द्वारा आयोजित युवा कौशल महोत्सव-2026 में शिरकत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2025-26 के अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सहसपुर स्थित स्किल हब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार हासिल करने वाले 35 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इसके साथ ही उन्होंने अखिल भारतीय व्यावसायिक परीक्षा-2026 के 32 राजकीय आईटीआई टॉपर्स को मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। आईटीआई में राज्य स्तरीय प्रवेश प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और आधुनिक बनाने के लिए विभागीय पोर्टल विकसित करने वाले अधिकारियों और कार्मिकों को भी मुख्यमंत्री ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह आयोजन प्रदेश के युवाओं की मेहनत, प्रतिभा और सामर्थ्य के सम्मान का अवसर है। उन्होंने कहा कि यदि युवाओं को उचित प्रशिक्षण और बेहतर मंच मिले, तो वे दुनिया के किसी भी मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं। सितंबर 2026 में चीन के शंघाई में आयोजित 48वीं वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि भारत ने इसमें 6 सिल्वर मेडल और 20 मेडलियन्स फॉर एक्सीलेंस जीतकर 10वां स्थान हासिल किया है। इस ऐतिहासिक प्रदर्शन में उत्तराखंड के दो युवाओं सानिया जोशी और पार्थ बोहरा ने अहम योगदान दिया।

यह भी पढ़ें -  Reel और वीडियो के दौर में CM धामी को सुनने कालाढूंगी में उमड़ी हजारों की भीड़,भाजपा गदगद

सानिया जोशी ने रिटेल सेल्स और पार्थ बोहरा ने इंडस्ट्रियल डिजाइन टेक्नोलॉजी में सिल्वर मेडल जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने दोनों विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता प्रदेश के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी युवा संसाधनों या अवसरों की कमी से पीछे न रहे। इसके लिए राजकीय आईटीआई संस्थानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ा जा रहा है और उद्योगों की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण व्यवस्था तैयार की जा रही है।

उन्होंने कहा कि सहसपुर स्किल हब से प्रशिक्षित 35 युवाओं को नियुक्ति पत्र मिलना प्रशिक्षण से रोजगार तक पहुंचने की एक प्रभावी व्यवस्था का उदाहरण है। आज उत्तराखंड के 100 से अधिक युवा विदेशों में भी अपनी सेवाएं देकर राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। स्वरोजगार पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को केवल ‘जॉब सीकर’ नहीं, बल्कि ‘जॉब क्रिएटर’ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए राज्य में स्टार्टअप नीति लागू की गई है, इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं और 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड के खनन क्षेत्रों पर आधुनिक तकनीक से होगी पैनी निगरानी, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चमोली में बनेंगे 8 मॉनिटरिंग स्टेशन

इसके अलावा युवा प्रोत्साहन योजना और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के माध्यम से युवाओं को ऋण और सब्सिडी भी दी जा रही है। साथ ही युवाओं की समस्याओं और सुझावों को सीधे सरकार तक पहुंचाने के लिए युवा आयोग के गठन पर भी काम चल रहा है। खेलों के महत्व को रेखांकित करते हुए सीएम ने कहा कि राज्य में नई खेल नीति लागू की गई है और स्टेडियम व प्रशिक्षण केंद्रों का विस्तार हो रहा है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में भी अवसर दिए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें -  लोहियाहेड हेलीपैड और खटीमा निजी आवास पर सीएम धामी ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

पारदर्शी भर्ती व्यवस्था पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले पेपर लीक और नकल माफियाओं के कारण मेहनती युवाओं के साथ अन्याय होता था। इसे खत्म करने के लिए राज्य में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया, जिसके बाद अब केवल योग्यता के आधार पर चयन हो रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य गठन के बाद से अब तक करीब 55 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है, जिनमें से 35 हजार से अधिक नियुक्तियां पिछले पांच वर्षों में हुई हैं। देश की लगभग 65 प्रतिशत युवा आबादी के दम पर वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में उत्तराखंड के युवा अग्रणी भूमिका निभाएंगे।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, कैबिनेट मंत्री खजान दास, सचिव सी. रविशंकर, विभागीय अधिकारी, प्रशिक्षक, सम्मानित प्रतिभागी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।