कालाढूंगी, नैनीताल- राजनेताओं की सभाओं में अगर भीड़ उमड़ती है तो कार्यकर्ताओं की पीठ थपथपाई जाती है साफ हो जाता है कि कार्यकर्ताओं ने जनता के बीच मेहनत की है। साथ ही साथ ये भी माना जाता है कि जितनी भीड़ उतनी ही इलाके में पार्टी मजबूत। जनसभाओं में उमड़ी भीड़ को वोट के पैमाने पर भी परखा जाता है। तय है कि अगर ये सच है कि भीड़ ही वोट है तो इसमे भी कोई शक नही कि कालाढूंगी में भाजपा मजबूत है।

ये बात इसलिए कही जा रही है कि, नैनीताल जिले के कालाढूगी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने नारी शक्ति सम्मान सम्मेलन का आयोजन किया। इस समारोह में सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बतौर मुख्य मेहमान शिरकत की। जिन्हें सुनने के लिए 7 हजार से ज्यादा महिलाएं समारोह स्थल पर पहुंची। कालाढूंगी के विधायक बंशीधर भगत कहते हैं हमने छह हजार कुर्सियां सभास्थल पर लगवाई थी सभी खचाखच भरी हुई दिखाई दी

आलम ये था कि कई बहिनो और हम पर यकीन करने वालों को खड़े खड़े ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन को सुनना पड़ा। जिसको दिक्कत हुई हो उसके लिए हम क्षमा प्रार्थी है और आपने जो हौसला बढ़ाया है ताकत दी है उसके लिए हम शुक्रगुजार हैं। मातृशक्ति की इस तादाद से भाजपा गदगद है। क्योंकि ये महज संख्या नही भविष्य का संकेत है।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कालाढूंगी क्षेत्र को कई विकास योजनाओं की सौगात भी दी। उन्होंने कालाढूंगी स्थित सरकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण, कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम के निर्माण और क्षेत्र की आधा दर्जन सड़कों के निर्माण एवं सुधार की घोषणाएं कीं।
वहीं क्षेत्रीय विधायक बंशीधर भगत की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि बंशीधर भगत उत्तराखंड के सबसे वरिष्ठ विधायकों में से एक हैं। उनका राजनीतिक अनुभव और क्षेत्र में उनकी पहचान ऐसी है कि विरोधियों की जुबान भी उनके सामने नहीं खुलती।
जिस मोबाइल और रील के जमाने में लोग अपना वक्त कई तरह के वीडियो देखने में गुजारते हैं उस दौर मे कालाढूंगी की महिलाएं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सुनने कार्यक्रम स्थल में पहुंची। महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। महिलाओं की तादाद से गदगद महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने साफ कर दिया कि ये भाजपा का चुनावी शंखनाद है। वही उन्होने बताया कि सम्मेल महिलाओं को सम्मान देने के इरादे से आयोजित करने के साथ-साथ चुनावी जंग मे जाने का आगाज भी है। उन्होने कहा इस सम्मेलन के जरिए हमने महिलाओं को बता दिया कि भाजपा आपके लिए क्या-क्या कर रही है।
वहीं स्थानीय विधायक ने कहा ये सम्मेलन हमारे कार्यकर्ताओं की शक्ति है जो बता रहा है कि भाजपा सीएम धामी की अगुवाई में तीसरी बार उत्तराखंड में सरकार बनाने जा रही है। वहीं माना जा रहा है कि सीएम की घोषणाओं से जहां क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और सड़क कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद परवान चढ़ेगी वहीं सियासी तौर पर भाजपा और मजबूत होती दिखाई देगी। हालांकि होगा क्या ये तो चुनाव के नतीजे बताएंगे बहरहाल महिलाओं की भीड़ बता रही है कि कालाढूंगी में कमल खिलने की अपार संभावनाएं हैं।

