खू़न सना इश्क़, तहेरे भाई ने चचेरे भाई पर धारदार हथियार से किया हमला, हालत नाजुक

ख़बर शेयर करें

ये इश्क नहीं आसां बस इतना समझ लीजे इक आग का दरिया है और डूब के जाना है । मौजूदा वक्त में जब इश्क की हकीकत सुनो तो उस शयार को दाद देने का जी चाहता है जिसने इश्क पर अपनी राय फरमाई। दरअसल इस दौर में इश्क कई बार खून सना भी दिखाई देता है। अक्सर तब जब इश्क पर हुस्न भारी पड़ जाए और महबूबा पराई अमानत हो और आशिक लाख समझाने पर भी पाने की जिद पर अड़ा हो।

उत्तराखंड में ऊधम सिंह नगर जिले की जसपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम वीरपुरी में एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसे सुनकर सभी हैरान है। चाचा ताऊ के परिवार में बहु के साथ हुए इश्क में एक की जान पर बन आई है। आरोप है कि प्रेम प्रसंग का मामला दोबारा सामने आने पर समझाने पहुंचे युवक पर उसके तहेरे भाई ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिसमें 24 साल का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

यह भी पढ़ें -  हमारे प्रवासी उत्तराखंड के ब्रांड एंबेसडर - CMधामी

जानकारी के मुताबिक, जसपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव वीरपुरी के रहने वाले पवन का अपने चचेरे भाई की बहू के साथ कथित प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी दोनों के बीच संबंधों को लेकर विवाद हुआ था। उस समय मोबाइल फोन पकड़े जाने के बाद ग्राम प्रधान और गांव के गणमान्य लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया था।
आरोप है कि रविवार को मामला फिर दोबारा सामने आया। घायल गौरव की मां ने उसे इसकी जानकारी दी। जिसके बाद गौरव अपने तहेरे भाई पवन को समझाने पहुंचा। बताया जा रहा है कि इसी दौरान पवन ने कथित तौर पर बिना कुछ सुने गौरव के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि बीच-बचाव करने पहुंचे दूसरे परिजनों के साथ भी मारपीट और धक्का-मुक्की की गई।

यह भी पढ़ें -  पर्वतों ने ओढ़ा बर्फीला दुशाला, जमीन में बिछा बर्फ का गलीचा,देखो बद्रीनाथ धाम में बर्फबारी का नजारा !

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पवन अपनी मां को लेकर मौके से फरार हो गया। घायल गौरव को परिजन तत्काल जसपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया और युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया । जबकि घटना की जानकारी पुलिस को भी दे दी।

यह भी पढ़ें -  SC,ST के छात्र-छात्राओं के लिए धामी सरकार की सौगात