चमोली- मौसम की कुछ करवट माहौल को हसीन बना देती हैं। नजारा इतना खूबसूरत हो जाता है कि आंखें नहीं हटती। आज सुबह बदरीनाथ धाम में मौसम ने ऐसी अंगड़ाई ली की आसमान से बर्फ के नर्म रुई बिखरने लग गई और देखते ही देखते भगवान बदरीविशाल के आसपास की पहाड़ियां बर्फ का दुशाला ओढ़कर इतराने लगी।
पहाड़ियों ने बर्फीला शॉल ओढ़ लिया और देखते ही देखते धाम के आंगन में बर्फ का गलीचा बिछ गया। दिव्य धाम का दृष्य भव्य हो गया। गिरती बर्फ उन श्रद्धालुओं को रिझाने लगी जिन्होंने कभी आसमान से गिरती नर्म बर्फ नही देखी और उन सैलानियों को लुभाने लगी जिन्होने बर्फ के हसी मंजर अक्सर दीदार किया है।
बहरहाल कुदरत के इस खूबसूरत तोहफे ने उन श्रद्धालुओं की बदरीनाथ यात्रा को और शानदार बना दिया है जो धाम में ईश्वर का दर्शन करने गए थे और कुदरत की करीगरी का साक्षात्कार भी कर बैठे । गौरतलब है कि 16 नवंबर को भगवान श्री बदरीविशाल के धाम में कपाट विधिविधान के साथ शीतकाल के लिए बंद हो जाएंगे और शीतकाल में भगवान बदरीविशाल अपने भक्तों को पांडुकेश्वर के योगध्यान बदरी मंदिर में दर्शन देंगे।

