बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में गुरुवार देर रात एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। रात 12 बजकर 27 मिनट पर आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.2 मापी गई है, जिसका केंद्र पड़ोसी जिला पिथौरागढ़ था।
जिले में पिछले एक महीने से लगातार आ रहे भूकंप के झटकों ने लोगों की चिंता को काफी बढ़ा दिया है। गुरुवार देर रात अचानक धरती डोलने से गहरी नींद में सो रहे लोग तुरंत जाग गए और अपनी सुरक्षा के लिए घरों से बाहर निकल आए। आधी रात को आए इन झटकों ने लोगों की नींद उड़ा दी और इलाके में भय का माहौल बन गया। घरों से बाहर निकले लोगों ने घबराहट के बीच फोन कर अपने परिजनों और परिचितों से एक-दूसरे की कुशलक्षेम भी पूछी।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने भूकंप की पुष्टि करते हुए आधिकारिक जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि रिक्टर पैमाने पर 4.2 तीव्रता वाले इस भूकंप का मुख्य केंद्र पिथौरागढ़ में स्थित था। राहत की बात यह है कि भूकंप के झटकों के बावजूद बागेश्वर जिले में किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। हालांकि, एक महीने के भीतर बार-बार महसूस हो रहे कंपन के कारण आम नागरिक डरे हुए हैं।

