दिवाली के बाद सुधरे दून के हालात या सिर्फ आंकड़ों का खेल? सरकारी और निजी एजेंसियों के AQI डेटा में असमानता

ख़बर शेयर करें

देहरादून। दिवाली के बाद प्रदूषण की मार झेल रही आबोहवा अब सरकारी आंकड़ों में काफी सुधरती हुई नजर आ रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के बुधवार के आंकड़ों के मुताबिक देहरादून का वायु गुणवत्ता सूचकांक घटकर महज 47 पर आ गया है, जबकि इससे पहले दिवाली के समय यहां का एक्यूआई 254 तक पहुंच गया था। हालांकि, सरकारी दावों के विपरीत निजी एजेंसियों के आंकड़े बिल्कुल अलग तस्वीर पेश कर रहे हैं, जिससे दून की वास्तविक हवा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मंगलवार के बुलेटिन में शहर का औसत एक्यूआई 147 दर्ज किया गया था। दिवाली के बाद दून की हवा की गुणवत्ता में लगातार उतार-चढ़ाव देखा गया था। बोर्ड द्वारा एक से 10 नवंबर तक के जारी आंकड़ों के मुताबिक शुरुआती दिनों में एक्यूआई संतोषजनक और मध्यम श्रेणी में बना हुआ था।

यह भी पढ़ें -  चोपता-तुंगनाथ-चंद्रशिला ट्रैक पर बड़ा अपडेट: अब बिना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं मिलेगी एंट्री

एक नवंबर को नेहरू कॉलोनी और क्लॉक टावर क्षेत्र का औसत एक्यूआई 103 दर्ज किया गया था। इसके बाद दो नवंबर को यह 109, तीन नवंबर को घटकर 103 और चार नवंबर को 100 पर आ गया था। लेकिन पांच नवंबर से शहर में प्रदूषण के स्तर में फिर से बढ़ोतरी दर्ज की जाने लगी और हवा की सेहत बिगड़ने लगी।

आंकड़ों के सिलसिले को देखें तो छह नवंबर को औसत एक्यूआई 123 और सात नवंबर को 137 दर्ज किया गया था। आठ नवंबर की स्थिति सबसे ज्यादा चिंताजनक और खराब रही, क्योंकि इस दिन शहर का औसत एक्यूआई उछलकर सीधे 254 तक पहुंच गया था, जो गंभीर प्रदूषण को दर्शाता है। इसके बाद नौ नवंबर को औसत एक्यूआई घटकर 166 और 10 नवंबर को 153 पर आ गया था।

यह भी पढ़ें -  देहरादून: साइबर कोषागार का विशेष अभियान, 30 नवंबर तक ऐसे सुलझाएं DLC की समस्या

सरकारी दावों और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के बुधवार के आंकड़ों में भले ही एक्यूआई 47 पर सिमट जाने की बात कही जा रही हो, लेकिन निजी एजेंसियों के आंकड़े कुछ और ही बयां करते हैं। ‘आईक्यू एयर’ के अनुसार बुधवार को दून का एक्यूआई 117, ‘एक्यूवेदर’ के अनुसार 111 और ‘एक्यूआई डॉट इन’ के मुताबिक 160 दर्ज किया गया है। सरकारी और निजी संस्थानों के इन आंकड़ों में भारी अंतर होने के कारण शहर की वास्तविक वायु गुणवत्ता को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

शहर के अलग-अलग इलाकों की बात करें तो प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों की हवा में भी काफी भिन्नता पाई गई है। पिछले दस दिनों के दौरान क्लॉक टावर क्षेत्र में एक्यूआई लगातार नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से अधिक दर्ज किया गया। दोनों क्षेत्रों के बीच सबसे बड़ा अंतर आठ नवंबर को देखने को मिला, जब क्लॉक टावर का एक्यूआई नेहरू कॉलोनी से 34 अंक ज्यादा रहा।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड के आपदा पीड़ितों के लिए बड़ी राहत: SDRF-NDRF के सहायता मानकों में बढ़ोतरी, अब मौत पर मिलेंगे 8 लाख रुपये

इसके बाद 10 नवंबर को क्लॉक टावर क्षेत्र का एक्यूआई 173 और नेहरू कॉलोनी का 133 दर्ज किया गया। विशेषज्ञों के अनुसार 101 से 200 के बीच एक्यूआई रहने पर संवेदनशील लोगों, विशेषकर दमा, फेफड़ों और हृदय रोग से पीड़ित मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी हो सकती है। वहीं, 201 से 300 के बीच का एक्यूआई खराब श्रेणी में आता है, जिससे आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ता है।