देहरादून। तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन के समापन के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रवासी उत्तराखंडियों के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी प्रवासियों का स्वागत करते हुए उनसे सीधा संवाद किया और राज्य की विकास यात्रा में उनके योगदान की सराहना की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी केवल दूसरे राज्यों में सेवाएं देने वाले नागरिक नहीं हैं, बल्कि वे अपनी संस्कृति, परंपराओं और पहचान के मजबूत संवाहक भी हैं। वे जहां भी रहते हैं, अपनी मातृभूमि की विरासत और जीवन मूल्यों को साथ लेकर चलते हैं।

प्रवासियों के साथ इस मिलन को राज्य और प्रवासी समाज के बीच भावनात्मक रिश्तों को मजबूत करने वाला बताते हुए मुख्यमंत्री ने नई पीढ़ी को जड़ों से जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश से बाहर रह रही युवा पीढ़ी को अपनी भाषा, बोली, लोकगीतों और रीति-रिवाजों से परिचित कराना बेहद जरूरी है, ताकि वे देवभूमि की पहचान को दुनिया भर में आगे बढ़ा सकें।
राज्य के आर्थिक विकास का खाका खींचते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड को विकसित राज्य बनाने का काम तेजी से चल रहा है। इस लक्ष्य को पाने के लिए प्रवासियों की प्रतिभा, अनुभव, निवेश और नवाचार की अहम भूमिका है। उन्होंने प्रवासियों से अपने ज्ञान और अनुभव का लाभ प्रदेश के युवाओं व उद्यमियों तक पहुंचाने का आग्रह किया।

पैतृक गांवों के विकास पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री धामी ने उन प्रवासियों की विशेष रूप से तारीफ की, जिन्होंने अपने गांवों को गोद लेकर वहां विकास कार्य शुरू किए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी पहल से गांवों में बुनियादी सुविधाएं बढ़ेंगी, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे और राज्य में रिवर्स पलायन को बढ़ावा मिलेगा।
रात्रिभोज के दौरान मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति पर आधारित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों के बीच मां नंदा देवी की महिमा और ऐतिहासिक ‘नंदा राजजात’ पर आधारित प्रस्तुति ने वहां मौजूद सभी अतिथियों को भावुक कर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदा राजजात जैसी परंपराएं हमारी आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक हैं। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार अपनी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और प्रचार-प्रसार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को पूरा करने में प्रवासियों से निरंतर सहयोग की अपेक्षा जताई।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, भरत सिंह चौधरी, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक किशोर उपाध्याय और प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी मौजूद रहे। कार्यक्रम में भारत सरकार के सचिव सुधांश पंत, प्रसिद्ध अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु और डीजीपी दीपम सेठ सहित कई गणमान्य लोगों ने शिरकत की।

