देहरादून-उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) की प्रक्रिया शुरू हो गई है । हालांकि बीते 12 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है।
ड्राफ्ट मतदाता सूची के मुताबिक प्रदेश में अब मतदाताओं की कुल संख्या बढ़कर 72 लाख 78 हजार 35 हो गई है। गौरतलब है कि अब मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने या किसी तरह की गलती में सुधार के लिए 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
निर्वाचन आयोग की ओर से जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में कुल 72,78,035 मतदाता शामिल हैं। इनमें 37 लाख 93 हजार 373 पुरुष, 34 लाख 84 हजार 447 महिलाएं और 215 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। गौरतलब है कि पिछले विशेष गहन पुनरीक्षण(SIR) के बाद 3 अक्टूबर को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में 71 लाख 58 हजार 949 मतदाता थे। मतदाता सूची में सबसे अधिक मतदाता हरिद्वार और देहरादून जिलों में दर्ज हैं।

यानी नई ड्राफ्ट सूची में पिछली सूची के मुकाबले 19 हजार 86 मतदाता अधिक दर्ज हुए हैं। निर्वाचन आयोग के मुताबिक, 4 से 31 अक्टूबर तक चले अभियान में 1 लाख 25 हजार 216 मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए गए, जबकि 6 हजार 130 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 प्राप्त हुए, जिनका निस्तारण किया गया।

