जब त्रेतायुग में सोने की लंका देख कर लक्ष्मण मोहित हो सकते हैं तो ये तो कलियुग है, इस दौर में तो 10 रुपए के नोट पर नीयत डोलती दिख जाती है । लेकिन उत्तराखंड देवभूमि है यहां जनता का ईमान आसानी से नहीं डोलता।इसके प्रमाण आए दिन मीडिया की सुर्खियां बनते रहते हैं।
अबकी दफे ईमानदारी की मिसाल बने है सफारी वाहन के चालक नीरज कुमार । नीरज ,जिम कॉर्बेट टाइगर रिजर्व पार्क में सैलानियों को सफारी करवाते हैं। हालांकि नीरज तराई पश्चिम वन प्रभाग के अंतर्गत संचालित फाटो इको टूरिज्म जोन में सफारी करवाते हैं।
बहरहाल बात हो रही है ईमानदारी की। मन में लालच न आने की । मौजूदा वक्त में जब सब कुछ मोबाइल फोन में है..बिना फोन के आदमी एक सेकंड भी नहीं रह सकता उस दौर में मुफ्त में लाखों का iPhone मिल जाए तो पाने वाले को लगेगा उसकी मुट्ठी मे सचमुच में दुनिया आ गई है। इस दौर में iPhone लौटाने का साहस सब नहीं कर सकते लेकिन नीरज कुमार ने किया।
दरअसल फाटो जोन में सफारी के लिए पहुंचे लखनऊ के एक पर्यटक का iPhone सफारी के दौरान जंगल के भीतर गिर गया…सफारी के लिए फाटो जोन में पहुचे पर्यटक को जब इसकी जानकारी हुई तो वह काफी परेशान हो गया, लेकिन कुछ ही देर बाद एक ईमानदार सफारी चालक की पहल ने उसके चेहरे पर फिर से मुस्कान लौटा दी।
दरअसल सफारी के दौरान जब पर्यटक का फोन गिरा उसी दौरान पीछे से आ रहे दूसरे सफारी वाहन के चालक नीरज कुमार की नजर गिरे हुए आईफोन पर पड़ी। उन्होंने बिना किसी लालच के मोबाइल को सुरक्षित अपने पास रख लिया और उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाने की पहल की। वाहन चालक नीरज कुमार ने मोबाइल फोन को लखनऊ से आए पर्यटक करन तक सुरक्षित पहुंचा दिया।
अपना महंगा मोबाइल वापस मिलने पर पर्यटक करन के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने सफारी चालक नीरज कुमार की ईमानदारी की जमकर सराहना की और उन्हें सच्ची इंसानियत तथा ईमानदारी की मिसाल बताया।
फाटो इको टूरिज्म की यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि पर्यटन केवल प्राकृतिक सुंदरता और वन्यजीवों को देखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां काम करने वाले लोगों का व्यवहार और उनकी ईमानदारी भी पर्यटकों के अनुभव को यादगार बनाती है।
बहरहाल सफारी चालक नीरज कुमार की इस सराहनीय पहल ने न सिर्फ एक पर्यटक का कीमती सामान लौटाया, बल्कि उत्तराखंड के मिजाज का मान सम्मान भी बढ़ाया है और सैलानियों के दिल में उत्तराखंड के प्रति विश्वास को मजबूत किया है। नीरज के इस काम से तय है देश विदेश के सैलानी बेहिचक पर्यटन के लिए उत्तराखंड पधारेेंगे।

