देहरादून। उत्तराखंड में इस वर्ष की चारधाम यात्रा के लगभग समापन के साथ ही अब प्रदेश में शीतकालीन यात्रा का आगाज हो गया है। राज्य सरकार की ओर से शीतकालीन यात्रा को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं, वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देशभर के श्रद्धालुओं से देवभूमि पहुंचकर शीतकाल में भी धार्मिक स्थलों के दर्शन करने की अपील की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उम्मीद जताई है कि इस बार की शीतकालीन यात्रा भी बेहतर और सफल रहेगी। उन्होंने कहा कि यात्रा को सुगम बनाने के लिए सरकार की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि इस बार बड़ी संख्या में श्रद्धालु शीतकालीन दर्शन के लिए उत्तराखंड पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने श्रद्धालुओं को संदेश देते हुए कहा कि चारधाम के मुख्य कपाट बंद होने के बाद भी वे शीतकालीन गद्दी स्थलों पर पहुंचकर भगवान के दर्शन कर सकते हैं। धार्मिक मान्यताओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि जब छह महीने तक धामों के मुख्य कपाट बंद रहते हैं, तब वहां परंपरा के अनुसार देव पूजा होती है। इस अवधि के दौरान श्रद्धालुओं के लिए गद्दी स्थलों पर विधिवत पूजा-अर्चना की व्यवस्था रहती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आस्था के लिहाज से शीतकालीन गद्दी स्थलों पर किए जाने वाले दर्शन का भी मुख्य धामों के समान ही पुण्य प्राप्त होता है। सरकार शीतकालीन यात्रा के माध्यम से श्रद्धालुओं को साल भर देवभूमि की धार्मिक परंपराओं से जोड़े रखने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

