रुद्रप्रयाग: विधि-विधान से जयकारों के बीच शीतकाल के लिए बंद हुए द्वितीय केदार मद्महेश्वर के कपाट, रवाना हुई उत्सव डोली

ख़बर शेयर करें

रुद्रप्रयाग। प्रसिद्ध पंच केदारों में सम्मिलित द्वितीय केदार भगवान श्री मद्महेश्वर मंदिर के कपाट आज 16 नवम्बर को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। धाम में श्रद्धालुओं और स्थानीय हक-हकूकधारियों की मौजूदगी में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए, जिसके साथ ही इस वर्ष की मद्महेश्वर धाम यात्रा का समापन हो गया।

कपाट बंद होने के अवसर पर पूरा मंदिर परिसर भगवान मद्महेश्वर के जयकारों से गूंज उठा। धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजा-अर्चना संपन्न होने के पश्चात कपाट बंद किए गए, जिससे अब आगामी शीतकाल में श्रद्धालु ऊखीमठ स्थित शीतकालीन गद्दीस्थल में ही दर्शन कर सकेंगे।

यह भी पढ़ें -  चारधाम यात्रा: आज बंद हो जाएंगे बदरीनाथ धाम के कपाट, इस साल सवा 23 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

कपाट बंद होने के तुरंत बाद भगवान मद्महेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली ने अपने शीतकालीन प्रवास के लिए प्रस्थान किया। धाम से विदा होने के बाद उत्सव डोली अपने निर्धारित पड़ावों से होते हुए ऊखीमठ के लिए रवाना हो गई है। निर्धारित यात्रा कार्यक्रम के अनुसार, आज 16 नवम्बर को भगवान की उत्सव डोली मद्महेश्वर धाम से प्रस्थान कर गौण्डार गांव पहुंचेगी। आज रात उत्सव डोली का रात्रि विश्राम गौण्डार गांव में ही होगा।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में आज फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल तय! कई जिलों के DM समेत सचिवों के विभाग बदलने की तैयारी...

इसके पश्चात कल यानी 17 नवम्बर को भगवान मद्महेश्वर की उत्सव डोली गौण्डार गांव से प्रस्थान करेगी। इस दिन डोली राकेश्वरी मंदिर रांसी पहुंचेगी, जहां धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया जाएगा। यात्रा के अगले दिन 18 नवम्बर को उत्सव डोली रांसी से आगे के लिए प्रस्थान करेगी। निर्धारित कार्यक्रम के तहत 18 नवम्बर को डोली गिरिया गांव पहुंचेगी और वहीं पर भगवान का रात्रि प्रवास होगा।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: सीएम धामी ने प्रदेशवासियों को दी छठ पूजा की शुभकामनाएं, की सुख-समृद्धि की कामना

अंतिम चरण में 19 नवम्बर को भगवान मद्महेश्वर की उत्सव डोली गिरिया गांव से प्रस्थान करेगी। इसी दिन डोली अपने शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में पहुंचेगी। भगवान मद्महेश्वर की उत्सव डोली के श्री ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचने पर धार्मिक परंपराओं के अनुसार स्वागत एवं विशेष पूजा-अर्चना संपन्न की जाएगी। इसके पश्चात आगामी पूरे शीतकाल में भगवान मद्महेश्वर की पूजा-अर्चना शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में ही संपन्न होगी, जहां पहुंचकर श्रद्धालु भगवान के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।