चुनाव से पहले धामी सरकार का बड़ा प्रशासनिक एक्शन, जिलाधिकारियों से लेकर विभागीय सचिवों और प्राधिकरणों तक हो सकता है बदलाव; देर शाम तक आ सकती है तबादलों की बड़ी सूची।
देहरादून। उत्तराखंड की ब्यूरोक्रेसी में एक बार फिर बड़े फेरबदल की सुगबुगाहट तेज हो गई है। शासन और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा है कि आज देर शाम तक अधिकारियों की तबादला सूची सामने आ सकती है। इस संभावित फेरबदल में कई जिलों के जिलाधिकारियों के साथ-साथ शासन में तैनात सचिव स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, लंबे समय से शासन स्तर पर इस प्रशासनिक बदलाव को लेकर मंथन चल रहा था। अब माना जा रहा है कि सरकार इस पर आज फैसला ले सकती है। खास बात यह है कि फेरबदल का दायरा केवल जिला प्रशासन तक सीमित रहने की संभावना नहीं है, बल्कि विभिन्न विभागों में सचिवों के कार्यभार में बदलाव के साथ ही कई विकास प्राधिकरणों में भी नए चेहरों को जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर इस संभावित प्रशासनिक फेरबदल को काफी अहम माना जा रहा है। सरकार प्रशासनिक मशीनरी को अधिक सक्रिय और जवाबदेह बनाने के साथ ही महत्वपूर्ण विभागों में बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में कदम उठा सकती है। जिलों में लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात अधिकारियों को लेकर भी चर्चाएं हैं। वहीं शासन में कुछ अधिकारियों के विभाग बदलने और कुछ को अतिरिक्त जिम्मेदारियों से मुक्त किए जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
हालांकि, अभी तक शासन की ओर से किसी आधिकारिक तबादला सूची की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन प्रशासनिक हलकों में हलचल जरूर तेज है। अब सबकी निगाहें देर शाम तक आने वाले संभावित आदेशों पर टिकी हैं। यदि यह फेरबदल होता है तो उत्तराखंड की प्रशासनिक व्यवस्था में एक बार फिर बड़े स्तर पर बदलाव देखने को मिल सकता है।

