चमोली। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जनपद के गौचर में सात दिवसीय 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का विधिवत पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। गौचर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का बैंड की धुनों, पुष्पमालाओं और पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन और करोड़ों की विकास योजनाओं के लोकार्पण से चमोली सहित पूरे सीमांत क्षेत्र के व्यापारियों, कारीगरों और स्थानीय नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।
मेले का उद्घाटन करने से पहले मुख्यमंत्री ने गौचर मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जबकि जिलाधिकारी श्री गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को मेले का शुभंकर भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत और समृद्ध व्यापारिक परंपरा का प्रतीक है। वर्ष 1943 में स्थानीय व्यापारियों, समाजसेवियों और प्रशासन के सहयोग से भोटिया व्यापार मेले के रूप में इसकी शुरुआत हुई थी, जो उस दौर में भारत-तिब्बत व्यापार का प्रमुख केंद्र था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को साकार करने में यह मेला अहम भूमिका निभा रहा है। चमोली के ऊनी हस्तशिल्प, राजमा, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने के लिए शुरू किया गया ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड अब तक छह करोड़ रुपये का कारोबार पार कर चुका है।

चमोली की महत्ता बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भगवान बद्री विशाल की तपस्थली, मां नंदा का मायका और चिपको आंदोलन की जन्मभूमि है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में सीमांत गांवों को देश के प्रथम गांव के रूप में विकसित किया जा रहा है, वहीं चारधाम सड़क और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिकी को नई गति मिलेगी।
युवाओं के पलायन को रोकने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन नीति, होम स्टे नीति, फिल्म नीति और सौर स्वरोजगार योजना जैसी योजनाओं के जरिए स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध करा रही है। इस दौरान जनप्रतिनिधियों की मांग पर उन्होंने सिमली अस्पताल के विवाद के समाधान के लिए जल्द कमेटी गठित करने और प्रेस क्लब भवन के लिए उपयुक्त भूमि चयनित करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अमृत 2.0 के तहत कर्णप्रयाग विकासखंड में ₹32.45 करोड़ की लागत से निर्मित गौचर नगरीय पेयजल योजना और मुख्यमंत्री घोषणा के तहत गैरसैंण विकासखंड में ₹459.32 लाख की लागत से गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण कार्य का लोकार्पण किया। इन दोनों योजनाओं से क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को ‘गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026’ और वरिष्ठ लेखक व प्रकाशक कीर्ति नवानी (बिनसर पब्लिकेशन, देहरादून) को ‘पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026’ से सम्मानित किया। समारोह में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व नागरिक मौजूद रहे।

