देहरादून। राजधानी देहरादून में 14 लाख रुपये की लूट के मामले में बजरंग दल कार्यकर्ता सिद्धांत बड़ौनी की गिरफ्तारी के विरोध में शनिवार को बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने एसएसपी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल को ज्ञापन सौंपा, जिसके बाद एसएसपी ने मामले की जांच तत्काल प्रभाव से एसपी सिटी से हटाकर एसपी ग्रामीण को सौंप दी है।
शनिवार को बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के सैकड़ों कार्यकर्ता एकजुट होकर एसएसपी कार्यालय पहुंचे और घेराव किया। पुलिस कार्रवाई के खिलाफ अपनी नाराजगी जताते हुए प्रदर्शनकारियों ने मौके पर हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सिद्धांत बड़ौनी के साथ पुलिस हिरासत में मारपीट की गई और अमानवीय व्यवहार हुआ। संगठनों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और कथित तौर पर मारपीट में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी संगठन की ओर से इस पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच कराने की मांग की जा चुकी है। शनिवार को प्रदर्शन के दौरान दोनों संगठनों के प्रतिनिधियों ने एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल से मिलकर उन्हें अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन मिलने के बाद एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने मामले की जांच एसपी सिटी से हटाकर एसपी ग्रामीण को स्थानांतरित कर दी है। एसएसपी ने जांच अधिकारी को पूरे प्रकरण की निष्पक्षता से जांच करने के निर्देश दिए हैं, वहीं संगठनों ने मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है।

