हरिद्वार के बहादराबाद थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से एक आरोपी घायल हो गया। घायल को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले कुछ बदमाश सक्रिय हैं।
इसी सूचना पर बहादराबाद पुलिस ने इलाके के मशहूर होटल पास घेराबंदी कर दी। उधर पुलिस को देखते ही बदमाशों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की जिसमें एक बदमाश को गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से उसे दबोच लिया। जबकि उसका एक साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस ने इलाके में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है।
हथियार तस्करी के आरोपी घायल बदमाश की पहचान मेरठ के मुकुल के रूप में हुई । जिसके पिता का नाम कन्हैया है और जो मेरठ के सरधना का निवासी है। पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड बताया जा रहा है। वह अवैध हथियारों की तस्करी के मामले में पहले भी जेल जा चुका है।वहीं पुलिस ने मौके से एक अवैध तमंचा, कारतूस बरामद किया है।जबकि फरार बदमाश की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

