अंकिता हत्याकांड…. पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य के बयान से मचा बवाल, अंकिता के माता-पिता और बॉयफ्रेंड पर भी लगाए आरोप, vip का चेट में जिक्र ना होने का भी किया खुलासा…

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक बार फिर नया विवाद खड़ा हो गया है। हत्याकांड के मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता और पूर्व राज्य मंत्री विनोद आर्य ने प्रेस वार्ता कर ऐसे बयान दिए हैं, जिनसे प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज होने के आसार हैं। विनोद आर्य ने पूरे प्रकरण को लेकर कई सवाल खड़े करते हुए अंकिता के माता-पिता और उसके कथित बॉयफ्रेंड पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनके इन बयानों के बाद एक बार फिर अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग और हत्याकांड की जांच को लेकर बहस तेज हो सकती है।प्रेस वार्ता के दौरान विनोद आर्य ने कहा कि इस पूरे प्रकरण की सच्चाई अभी तक समाज के सामने पूरी तरह नहीं आई है। उनका दावा है कि घटना से जुड़े कई ऐसे पहलू हैं, जिनकी दोबारा जांच होनी चाहिए। उन्होंने अंकिता के माता-पिता और उसके बॉयफ्रेंड की भूमिका पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अंकिता को प्रताड़ित किया जाता था। विनोद आर्य ने मांग की कि मामले से जुड़े इन पहलुओं की भी जांच हो और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जो बार-बार VIP का नाम कहा जा रहा है ऐसा चैट में किसी भी चीज का कोई जिक्र नहीं है यानी वीआईपी के नाम से हो रही राजनीति पर भी उन्होंने खुलकर विराम लगाने का काम किया है।।
इस दौरान उनके साथ मौजूद अधिवक्ता अनुज पुंडीर ने भी मामले को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि इस हत्याकांड में तीन लोग जेल में बंद हैं, इसके बावजूद प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अंकिता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं। प्रेस वार्ता के दौरान अधिवक्ता की ओर से अंकिता के निजी जीवन को लेकर भी कुछ ऐसी टिप्पणियां की गईं, जिन्हें लेकर नया विवाद खड़ा होने की आशंका है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: CM धामी ने कुंभ मेला, सड़कों के निर्माण और आपदा राहत के लिए दी ₹78.18 करोड़ की बड़ी सौगात

गौरतलब है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड उत्तराखंड के सबसे संवेदनशील और चर्चित मामलों में शामिल है। सितंबर 2022 में पौड़ी जिले के वनंतरा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करने वाली अंकिता की हत्या ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। इस मामले में पुलकित आर्य समेत तीन आरोपियों को दोषी ठहराया जा चुका है और उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। घटना के बाद से ही प्रदेश में वीआईपी की कथित भूमिका, जांच की पारदर्शिता और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर समय-समय पर आंदोलन होते रहे हैं।

यह भी पढ़ें -  पर्वतों ने ओढ़ा बर्फीला दुशाला, जमीन में बिछा बर्फ का गलीचा,देखो बद्रीनाथ धाम में बर्फबारी का नजारा !

ऐसे में मुख्य आरोपी के पिता की ओर से अब दोबारा जांच की मांग उठाना और अंकिता के परिवार तथा निजी जीवन से जुड़े लोगों पर आरोप लगाना कई नए सवाल खड़े कर रहा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब अदालत इस मामले में फैसला सुना चुकी है तो अब इस तरह के बयानों के पीछे क्या मंशा है? वहीं, अंकिता के परिवार और न्याय की मांग कर रहे लोगों की प्रतिक्रिया भी इस पूरे घटनाक्रम में महत्वपूर्ण होगी।

यह भी पढ़ें -  नाबालिग से दुष्कर्म करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

फिलहाल विनोद आर्य की प्रेस वार्ता ने एक बार फिर उत्तराखंड की सियासत में अंकिता भंडारी हत्याकांड को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। सवाल सिर्फ दोबारा जांच की मांग का नहीं, बल्कि उस संवेदनशील मामले में सार्वजनिक रूप से लगाए जा रहे आरोपों और टिप्पणियों का भी है, जिसने एक बार फिर प्रदेश की राजनीति को गरमा दिया है।