देहरादून – धरती पर किसी इंसान को भगवान कह कर पुकारा गया तो वो थे झारखंड की धरती पर जन्म लेने वाले भगवान बिरसा मुंडा। आज 15 नवंबर को उनकी 151वीं जयंती मनाई गई। भारतीय जनता पार्टी ने उनकी याद में बीते देशभर में जनजातीय गौरव दिवस मनाया। इसी कड़ी में देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में भी एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष,प्रदेश प्रभारी राम माधव,सह प्रभारी बांसुरी सुराज प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित वरिष्ठ नेताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
प्रदेश प्रभारी राम माधव ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने महज 25 साल की उम्र में अंग्रेजों की जनजातीय समाज विरोधी नीतियों, जमींदारी प्रथा और धर्मांतरण के खिलाफ बड़ा आंदोलन खड़ा कर दिया था। उन्होंने ‘उलगुलान’ यानी महाविद्रोह के जरिए अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थी।

राममाधव ने कहा, “बिरसा मुंडा केवल जनजातीय समाज ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव और सम्मान के प्रतीक हैं। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना बलिदान दिया। आजादी का आंदोलन किसी एक वर्ग या दल का नहीं था, इसमें जनजातीय समाज सहित सभी वर्गों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिसे लंबे समय तक इतिहास में वह जगह नहीं मिली, जिसके वे हकदार थे।”
राम माधव ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साल 2021 में बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। तब से हर साल देशभर में इस दिन को बड़े सम्मान के साथ मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने ही भगवान बिरसा मुंडा के जन्मस्थल उलिहातू को विकसित करने और जनजातीय नायकों को सम्मान दिलाने का काम किया है।
प्रदेश प्रभारी ने कहा उत्तराखंड में भी बड़े पैमाने पर जनजातीय समाज रहता है।, जिन्होंने उत्तराखंड के निर्माण और विकास में अहम भूमिका निभाई है।उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में भाजपा प्रदेश के उन क्षेत्रों में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जहां जनजातीय समाज की बड़ी आबादी रहती है।

