कंगना के पुराने वीडियो पर करवाचौथ व्रत का भ्रामक दावा, पीएम के लिए व्रत रखने वाली पोस्ट पर FIR दर्ज

ख़बर शेयर करें

देहरादून। देहरादून के राजपुर थाने में भाजपा सांसद कंगना रनौत के एक पुराने वीडियो को सोशल मीडिया पर भ्रामक दावों के साथ प्रसारित करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों के खिलाफ आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।

यह पूरा मामला 16 नवंबर को सामने आया, जब नेहा शर्मा ने राजपुर थाने में पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी। शिकायत में बताया गया है कि सोशल मीडिया पर सांसद कंगना रनौत का एक पुराना वीडियो गलत कैप्शन, पोस्ट और आपत्तिजनक टिप्पणियों के साथ तेजी से वायरल किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें -  चारधाम यात्रा: आज बंद हो जाएंगे बदरीनाथ धाम के कपाट, इस साल सवा 23 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

तहरीर के अनुसार, इस वायरल वीडियो के जरिए यह झूठा दावा प्रचारित किया गया कि कंगना रनौत ने 29 अक्तूबर 2026 को करवाचौथ के अवसर पर प्रधानमंत्री की दीर्घायु के लिए वैवाहिक व्रत रखा था। शिकायतकर्ता ने पुलिस को स्पष्ट किया कि यह दावा पूरी तरह निराधार और भ्रामक है, जिसका वास्तविकता से कोई लेना-देना नहीं है।

नेहा शर्मा ने अपनी शिकायत में वीडियो की वास्तविकता बताते हुए कहा कि यह फुटेज काफी पुरानी है और एक धार्मिक यात्रा से जुड़ी है। इस वीडियो में सांसद कंगना रनौत राजस्थान के जोधपुर स्थित प्रसिद्ध गणेश मंदिर, श्री चामुंडा मंदिर और गजानन महाराज मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना करती हुई नजर आ रही हैं।

यह भी पढ़ें -  चमोली: CM धामी ने 74वें गौचर मेले का किया भव्य शुभारंभ, करोड़ों की पेयजल योजनाओं का किया लोकार्पण

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ अज्ञात लोगों ने जानबूझकर इस धार्मिक दर्शन के वीडियो को अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रील और पोस्ट के रूप में गलत संदर्भ में पेश किया। ऐसा करके सांसद कंगना रनौत की व्यक्तिगत गरिमा और सार्वजनिक प्रतिष्ठा को गंभीर नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

इसके साथ ही, इन भ्रामक पोस्ट और उनके नीचे की गई टिप्पणियों में महिलाओं के सम्मान और भारतीय धार्मिक परंपराओं को लेकर भी बेहद आपत्तिजनक बातें लिखी गई हैं। तहरीर में कहा गया है कि इस तरह के दुष्प्रचार से आम नागरिकों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और समाज में गलत संदेश जा रहा है।

राजपुर थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए शिकायत के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 275/26 के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 66c और 66d के साथ-साथ बीएनएस की सुसंगत धाराओं में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें -  बहादराबाद में पुलिस-बदमाश के बीच मुठभेड़, गोली लगने से मेरठ का शातिर बदमाश घायल

प्रकरण की गंभीरता और सोशल मीडिया पर इसके व्यापक प्रभाव को देखते हुए देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इस केस की विवेचना डालनवाला के प्रभारी निरीक्षक को सौंप दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, तकनीकी टीम की मदद से संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट्स और वीडियो को सबसे पहले अपलोड करने वालों की पहचान की जा रही है, जिसके बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।