चमोली। विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट आज सोमवार रात 9 बजकर 37 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा भी संपन्न हो जाएगी। मंदिर के कपाट बंद होने के अंतिम दिन आज श्रद्धालु भगवान बदरीविशाल के पुष्प श्रृंगार के दर्शन करेंगे। इस विशेष दिन भगवान नारायण के स्वर्ण श्रृंगार की जगह फूलों से उनका श्रृंगार किया जाएगा।
मंदिर के धर्माधिकारी स्वयंवर सेमवाल ने बताया कि सोमवार सुबह चार बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। अभिषेक पूजा के बाद भक्त दिनभर भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर सकेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 12 बजे भगवान को भोग लगाया जाएगा, जबकि शाम सात बजे सांध्य पूजा शुरू होगी। इसके बाद रात साढ़े सात बजे से कपाट बंद करने की मुख्य प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
रात साढ़े सात बजे रावल अमरनाथ नंबूदरी मंदिर में प्रवेश करेंगे और विशेष पूजा-अर्चना करेंगे। पूजा के बाद रावल सखी वेश धारण कर माता लक्ष्मी को भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान करेंगे। माता लक्ष्मी के गर्भगृह में विराजमान होने के बाद कुबेर, उद्धव और गरुड़ जी की प्रतिमाएं गर्भगृह से बाहर आएंगी। सभी देवताओं की आरती के बाद रात 9:37 बजे मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।
कपाट बंद होने के अगले दिन भगवान की उत्सव डोली अपने शीतकालीन पूजा स्थल के लिए रवाना होगी। मंदिर में कपाट बंद करने की ये धार्मिक प्रक्रियाएं अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। बदरीनाथ धाम में कपाट बंद होने की प्रक्रिया पांच दिन पहले पंच पूजा के साथ शुरू हुई थी। पंच पूजा के पहले दिन गणेश मंदिर और दूसरे दिन आदि केदारेश्वर व आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद किए गए थे।
अनुष्ठान के तीसरे दिन खड़ग-पुस्तक पूजा के साथ वेद ऋचाओं का वाचन बंद किया गया। वहीं, चौथे दिन रविवार को माता लक्ष्मी को भगवान बदरीविशाल के मंदिर में विराजमान होने का आमंत्रण दिया गया। रविवार को रावल अमरनाथ नंबूदरी ने मंदिर परिसर में स्थित माता लक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना कर कढ़ाई भोग अर्पित किया। इस दौरान मंदिर परिसर में पारंपरिक अनुष्ठान पूरे किए गए।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी भी रविवार को बदरीनाथ धाम पहुंचे और भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। उन्होंने कपाट बंद करने की तैयारियों के तहत मंदिर परिसर में की गई व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। हेमंत द्विवेदी ने यात्रा के आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया कि इस यात्रा वर्ष में अब तक सवा 23 लाख से अधिक श्रद्धालु भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर चुके हैं। अंतिम दिन भी बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए धाम में मौजूद हैं।

