पिथौरागढ़। सीमांत जिला के पिथौरागढ़ के जौलजीबी मेले के दौरान उपजे राजनीतिक घमासान ने तूल पकड़ लिया है। पुलिस ने धारचूला के कांग्रेस विधायक हरीश धामी सहित छह लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। यह पूरी कार्रवाई जौलजीबी के थानाध्यक्ष हरेंद्र सिंह नेगी की तहरीर पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और लोकसेवक के साथ अभद्रता करने के आरोप में की गई है।
यह पूरा घटनाक्रम शनिवार का है, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जौलजीबी मेले का विधिवत शुभारंभ करने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से जाने के तुरंत बाद, क्षेत्रीय विधायक हरीश धामी समर्थकों के साथ मंच पर पहुंच गए और जोरदार हंगामा किया।
हंगामे के दौरान विधायक और उनके समर्थकों पर मंच पर रखे माइक, कुर्सी, माइक स्टैंड और अन्य सरकारी व साजो-सामान को तोड़ डालने के गंभीर आरोप हैं. पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, इस दौरान विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्रता और बदसलूकी की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने तत्काल कड़ा कदम उठाया और थानाध्यक्ष हरेंद्र सिंह नेगी की शिकायत पर कानूनी शिकंजा कसा है। इस एफआईआर में विधायक हरीश धामी के अलावा डीडीहाट के कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनोहर टोलिया, यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष विक्रम दानू, राम सिंह रोक्या, सौरभ मर्तोलिया और नृप सिंह को नामजद किया गया है।
इस पूरे कानूनी एक्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक हरीश धामी ने बेबाक अंदाज में अपना पक्ष रखा है. उन्होंने कहा कि मुझ पर और मेरे समर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने की आधिकारिक जानकारी फिलहाल मुझे नहीं मिली है। विधायक हरीश धामी ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि क्षेत्र की आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए जाते हैं, तो यह उन्हें सहर्ष स्वीकार है। उन्होंने एलान किया कि वह अपनी जनता के दुख-दर्द और अधिकारों के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेंगे।
इस मामले पर पिथौरागढ़ के पुलिस अधीक्षक प्रह्लाद कोंडे ने मीडिया को बयान देते हुए स्थिति स्पष्ट की है। एसपी ने कहा है कि इस पूरे प्रकरण की पुलिस द्वारा पूरी पारदर्शिता के साथ निष्पक्ष जांच की जाएगी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

