देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को भाजपा मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए जौलजीबी मेले में कांग्रेस विधायक हरीश धामी के अमर्यादित व्यवहार पर तीखा पलटवार किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सियासी जमीन पूरी तरह गायब हो गई है, जिससे हताश और निराश कांग्रेसी अपना मानसिक संतुलन खो रहे हैं।
सीएम धामी ने कहा कि कांग्रेस में ऊपर से नीचे तक सारी मर्यादाएं टूट रही हैं और ऐसे व्यवहार की कल्पना बच्चे से भी नहीं की जा सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि जगह-जगह कांग्रेस की अराजकता दिख रही है, जो इस बात का प्रमाण है कि पार्टी को समझ आ गया है कि आने वाले समय में जनता उन्हें नकारने वाली है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि लोकतंत्र में इस तरह का अमर्यादित व्यवहार कतई स्वीकार्य नहीं है और आने वाले समय में भी प्रदेश की जनता कांग्रेस को वहीं भेजने वाली है, जहां वह वर्तमान में बैठी हुई है। उन्होंने बताया कि भाजपा संगठन 365 दिन काम करता है और केंद्रीय व प्रदेश नेतृत्व समय-समय पर बैठकें कर कार्यक्रमों की समीक्षा करता है।
आगामी चुनावी रणनीति पर बात करते हुए सीएम धामी ने कहा कि अब पार्टी का पूरा फोकस विधानसभा चुनाव पर है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संगठन के मर्मज्ञ हैं और उनके बड़े अनुभव व मार्गदर्शन में पार्टी ने चुनाव में 65 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है, जिसे हासिल करने के लिए पूरी मेहनत की जाएगी।
इस राजनीतिक विवाद में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने भी कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि जौलजीबी मेले में विधायक हरीश धामी का व्यवहार बर्दाश्त करने योग्य नहीं है। उन्होंने कहा कि मंच पर तोड़फोड़ व मारपीट करना केवल मुख्यमंत्री धामी का नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता का अपमान है।
सतपाल महाराज ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक हरीश धामी ने मंच पर अराजकता का माहौल बनाकर जनता के सामने कांग्रेस का असली चरित्र उजागर कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम व्यस्त होता है और वे संबोधन देकर आगे निकल जाते हैं, लेकिन उनके जाने के बाद विधायक द्वारा किया गया कृत्य सरासर गुंडागर्दी है, जिसका कानूनी व लोकतांत्रिक जवाब मिलेगा।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी ने भी इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में इस तरह की अभद्र भाषा और अमर्यादित आचरण का कोई स्थान नहीं हो सकता। उन्होंने मांग की कि कांग्रेस पार्टी को अपने विधायक के इस व्यवहार पर सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि देवभूमि की जागरूक जनता इस अहंकार को कभी माफ नहीं करेगी।
दूसरी ओर, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने विधायक हरीश धामी का बचाव करते हुए कहा कि जौलजीबी मेले में मुख्यमंत्री ने स्थानीय विधायक को बोलने का मौका ही नहीं दिया। उन्होंने कहा कि समारोह की अध्यक्षता कर रहे विधायक की बात सुने बिना मुख्यमंत्री का वहां से चले जाना स्थानीय विधायक और उस क्षेत्र की जनता के मनोभाव का सीधा अपमान है।
गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का यह आचरण पूरी तरह अलोकतांत्रिक था, जिससे यह पता चलता है कि वे विपक्ष को कहीं स्थान नहीं देना चाहते। उन्होंने कहा कि सीएम को इतना बड़ा दिल रखना चाहिए था कि जिस कार्यक्रम की अध्यक्षता हरी

