देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों और विशेषकर पूर्वांचल समाज के लोगों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व हमारी प्राचीन भारतीय संस्कृति, लोक आस्था और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनुपम प्रतीक है।
भगवान सूर्य की उपासना और छठी मइया की आराधना को समर्पित यह पावन पर्व हमें प्रकृति के संरक्षण, अनुशासन, संयम और समर्पण का संदेश देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने के साथ ही समाज में प्रेम, सद्भाव और आपसी भाईचारे की भावना को प्रगाढ़ बनाते हैं।
उन्होंने कहा कि विविधतापूर्ण संस्कृति का यह महापर्व समाज को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करता है। मुख्यमंत्री ने भगवान सूर्य देव और छठी मइया से समस्त प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, जीवन में सुख और निरंतर खुशहाली की कामना की है।

