हरिद्वार में 21 व 22 नवंबर को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बड़ी बैठक, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह देंगे जीत का मंत्र

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने के लिए 21 और 22 नवंबर को हरिद्वार में विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की बैठक करने जा रही है। इस अहम बैठक में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल होकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को चुनावी मार्गदर्शन देंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत और तरुण बंसल ने संगठनात्मक विषयों पर दिशा-निर्देश दिए। बैठक में तय किया गया कि हरिद्वार कार्यसमिति के पहले दिन संयुक्त मोर्चा और प्रकोष्ठों की बैठक होगी। इसके सफल संचालन के लिए संबंधित प्रभारियों, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्रियों को जरूरी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड के खनन क्षेत्रों पर आधुनिक तकनीक से होगी पैनी निगरानी, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चमोली में बनेंगे 8 मॉनिटरिंग स्टेशन

वहीं, दूसरे दिन मुख्य विस्तृत कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें सभी अपेक्षित पदाधिकारियों, विधायकों, दायित्वधारियों, निकाय और पंचायत अध्यक्षों सहित सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने कहा कि राज्य गठन के बाद से भाजपा ने अधिकांश विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की धामी सरकार की उपलब्धियों को जोर-शोर से घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड का निर्यात 13 हजार करोड़ के पार, सीएम धामी बोले-'दुनिया हमारा बाजार और गुणवत्ता हमारी पहचान'

अरविंद मेनन ने कहा कि प्रदेश को विकसित बनाने के लिए उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनानी होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि हरिद्वार से भाजपा की चुनावी रणनीति का जहाज भरेगा, जिसकी जीत की गूंज पूरे प्रदेश में सुनाई देगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि सरकार ने लगभग पांच साल तक काफी काम किया है, जिन्हें जनता तक पहुंचाने के लिए आने वाले तीन महीनों में कड़ी मेहनत करनी होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश का माहौल भाजपा के अनुकूल है, लेकिन पार्टी किसी भी चुनौती को हल्के में नहीं लेगी।

यह भी पढ़ें -  जौलजीबी मेला विवाद पर सीएम धामी का तीखा पलटवार, बोले- हताशा में मानसिक संतुलन खो रही कांग्रेस

महेंद्र भट्ट ने स्पष्ट किया कि चाहे सभी विपक्षी पार्टियां भाजपा के खिलाफ मिलकर चुनाव लड़ें, पार्टी को उन सबको एकसाथ हराना है। उन्होंने भरोसा जताया कि कार्यसमिति में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का मार्गदर्शन पार्टी की जीत की संभावनाओं को और मजबूत करेगा। अंत में प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा ने सभी मोर्चों के कार्यक्रमों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने पदाधिकारियों से बूथ सशक्तिकरण अभियान को शक्ति केंद्र स्तर पर जल्द पूरा करने का आह्वान किया।